फेसबुक-व्हाट्सएप पर ऑनलाइन कमाई का लालच देकर ठगी
गुरुग्राम में साइबर क्राइम पुलिस ने साइबर ठगी के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने के आरोप में 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के जसपुर निवासी मोहम्मद समीर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
आरोपी के बैंक खाते के खिलाफ 13 राज्यों में साइबर ठगी की 33 शिकायतें दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, एक पीड़ित ने शिकायत दी थी कि 20 अगस्त 2025 से 18 नवंबर 2025 के बीच साइबर ठगों ने फेसबुक और व्हाट्सएप पर लिंक भेजे थे। आरोपियों ने ऑनलाइन स्टोर चलाकर मुनाफा कमाने का लालच दिया और उसके साथ धोखाधड़ी की। ठगी की रकम के लेनदेन के लिए दिया बैंक खाता
शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने मोहम्मद समीर को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोप है कि वह साइबर ठगों को धोखाधड़ी से मिली रकम के लेनदेन के लिए अपना बैंक खाता उपलब्ध कराता था। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
13 राज्यों में दर्ज हैं 33 शिकायतें
पुलिस के अनुसार, आरोपी के बैंक खाते के खिलाफ महाराष्ट्र और केरल में 5-5, तेलंगाना और कर्नाटक में 5-5, तमिलनाडु में 3 और आंध्र प्रदेश में 2 शिकायतें दर्ज हैं। इसके अलावा बिहार, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, झारखंड और गुरुग्राम में एक-एक शिकायत दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

