BJP विधायक पर नौकरों को बंधक बनाकर पीटने का आरोप
मुरादाबाद में बढ़ापुर से भाजपा विधायक कुंवर सुशांत सिंह पर अपने दो नौकरों समेत तीन युवकों को बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। घायल युवक के मुताबिक, चोरी के शक में उन्हें विधायक के महल में रस्सियों से बांधकर उल्टा लटकाया गया। इसके बाद बेल्ट और डंडों से पीटा गया। उनके जख्मों पर नमक रगड़ा और करंट के झटके भी दिए गए।
बताया जा रहा है कि विधायक अपने बेटे के सोने के कड़े चोरी होने से नाराज थे। हालांकि, इतनी पिटाई के बाद भी कड़े बरामद नहीं हुए। पिटाई के बाद तीनों युवकों की हालत बिगड़ गई। इसके बाद विधायक ने उन्हें अपने निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
परिजनों का आरोप है कि वे चार दिन तक विधायक से अपने बेटों को छोड़ने की गुहार लगाते रहे, लेकिन उन्हें युवकों से मिलने तक नहीं दिया गया। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे परिजनों ने विधायक के आवास के बाहर हंगामा किया। इसके बाद उन्हें पता चला कि घायल युवक अस्पताल में भर्ती हैं। डिलारी की रहने वाली ओमवती कश्यप के छह बच्चे हैं। सभी की शादी हो चुकी है। उनका छोटा बेटा रामू गांव में ही रहता है। वह कभी शादी-विवाह में हलवाई का काम करता है तो कभी मछलियां पकड़कर बाजार में बेचता है।
ओमवती ने बताया- बढ़ापुर विधायक सुशांत सिंह के महल में उनके पड़ोसी अतुल और रविश रोटी बनाने और झाड़ू लगाने का काम करते हैं। चार दिन पहले विधायक के बेटे के सोने के कड़े गायब हो गए थे।
चोरी के शक में विधायक ने अतुल और रविश की पिटाई की। आरोप है कि दोनों ने कड़े चोरी करके रामू को देने की बात कही। इसके बाद विधायक के आदमी रामू को पकड़कर विधायक के महल रतूपुरा ले गए।
ओमवती का आरोप है कि विधायक सुशांत सिंह ने पड़ोसी अतुल, रविश के साथ मेरे बेटे रामू को रस्सियों से बांधकर उल्टा लटकवाया। इसके बाद खुद डंडों और बेल्टों से उनकी पिटाई की। विधायक के गार्डों ने भी तीनों को पीटा। रामू के जख्मों पर नमक रगड़ा और उसे करंट भी लगाया।
ओमवती के मुताबिक, पिटाई से रामू बेहोश हो गया। इसके बाद विधायक के निजी अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया। होश में आने के बाद फिर उसकी पिटाई की गई। इस दौरान परिजन रोज विधायक के महल के चक्कर लगाते रहे, लेकिन उन्हें तीनों युवकों से मिलने नहीं दिया गया। विधायक ने धमकी दी कि यहां से चले जाओ, नहीं तो अच्छा नहीं होगा।

