मॉडल श्रद्धा दुबे पुलिस से बोली- मुझसे नहीं, वकील से बात करिए
मॉडल श्रद्धा दुबे को यूपी STF नागपुर से लखनऊ ले आई। उसके साथ बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश भी हैं। गुरुवार सुबह 10 बजे जब श्रद्धा हजरतगंज थाने पहुंची तो वह अपना मुंह छिपाते दिखी। हाथ उठाकर नजर बचाते हुए थाने के अंदर गई।
थाने में श्रद्धा से पुलिस पिछले 4 घंटे से पूछताछ कर रही है। रश्मि और दानिश से अलग-अलग कमरों में सवाल पूछे जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा पुलिस के सामने चुप्पी साधे हुए हैं। बार-बार यही कह रही है कि मुझसे नहीं, मेरे वकील से बात करिए।
थोड़ी देर में पुलिस उसे मेडिकल के लिए ले जाएगी। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश कर 14 दिन की रिमांड मांगेगी। इससे पहले, श्रद्धा समेत तीनों आरोपियों को मंगलवार को नागपुर के एक अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया था।
लखनऊ में 9 अक्टूबर को कारोबारी शिवा शर्मा की श्रद्धा के फ्लैट से गिरकर मौत हो गई थी। शिवा की मां ने श्रद्धा के खिलाफ हत्या की FIR दर्ज कराई थी, जिसके बाद से श्रद्धा फरार चल रही थी। शिव शर्मा हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे सहित अन्य आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड के बाद यूपी पुलिस और STF की टीम राजधानी लखनऊ के हजरतगंज थाने लेकर पहुंची। 4 घंटे से उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों के पास से चार मोबाइल बरामद हुए हैं। कैश भी मिला है। पुलिस ने श्रद्धा से सवाल किया कि बिना एटीएम और बिना यूपीआई यूज किए कैश कहां से आया। श्रद्धा ने चुप्पी साध ली। कोई जवाब नहीं दिया।
9 तारीख की शाम क्या हुआ था? वारदात के बाद नेपाल कैसे पहुंची? कौन-कौन था साथ? घटना के बाद फ्लैट में कौन-कौन मौजूद था। नेपाल से लखनऊ कब और कैसे पहुंची? श्रद्धा ने सिर्फ इतना कहा- मेरे वकील से बात करिए। मुझसे नहीं। मॉडल श्रद्धा दुबे को दोपहर 3 बजे सीजेएम कोर्ट में पेश किए जाने की संभावना है। कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा के लिए 6 ट्रक और एक वैन में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। एसीपी सौम्या पांडेय महिला पुलिस कर्मियों के साथ में श्रद्धा से पूछताछ कर रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा ने कई सवालों के जवाब दिए। कई पर चुप्पी साधे हुई है। पुलिस उससे जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर 9 अक्टूबर को क्या-क्या हुआ था? दानिश और रश्मि से भी सवाल-जवाब किए जा रहे हैं।

