हरियाणा में देश का सबसे ऊंचा 221 फीट का रावण: दिल्ली में कॉकरोच का पुतला भी जलेगा
देशभर में आज दशहरा मनाया जाएगा। हरियाणा के पंचकूला में 221 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। यह देश में सबसे ऊंचा रावण का पुतला बताया जा रहा है। उत्तराखंड के देहरादून में 181 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा।
वहीं, दिल्ली में रावण के साथ 30 फीट ऊंचे कॉकरोच का पुतला भी जलाया जाएगा। इंदौर में 111 फीट, कोटा और भोपाल में 105-105 फीट, जबकि रायपुर और उज्जैन में 101-101 फीट ऊंचे रावण के पुतले जलाए जाएंगे। देश में रावण दहन की परंपरा 200 साल से भी पुरानी मानी जाती है।
मान्यता है कि 17वीं शताब्दी में तुलसीदास के शिष्य मेघा भगत ने वाराणसी में रामलीला शुरू की थी। हालांकि, इसका ऐतिहासिक प्रमाण 1834 में ब्रिटिश कलाकार जेम्स प्रिन्सेप के बनाए एक चित्र में मिलता है। यह चित्र लंदन की ब्रिटिश लाइब्रेरी में मौजूद है। लुधियाना के दरेसी ग्राउंड में 121 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया है। शाम पौने 6 बजे अमित शाह इसका दहन करेंगे। मध्य प्रदेश: इंदौर में 111 फीट, भोपाल के कोलार में 105 फीट और उज्जैन में 101 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। इंदौर में 250 फीट लंबी लंका और डेढ़ घंटे की आतिशबाजी आकर्षण होगी। भोपाल में पुतले बनाने में करीब 20 लाख रुपए खर्च हुए हैं। मंदसौर में 80 फीट के रावण की आंखें झपकेंगी, गर्दन घूमेगी और तलवार वाला हाथ चलेगा। जबलपुर में 75 फीट और ग्वालियर में 65 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। छत्तीसगढ़: रायपुर के WRS मैदान में 101 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। बोरियाखुर्द में रावण के साथ कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले भी जलाए जाएंगे। इस बार पुतले बनाने की लागत में 15 से 20% की बढ़ोतरी हुई है। कारीगर विक्रम नेताम का परिवार करीब 50 साल से पुतले बना रहा है। उनके मुताबिक, 28 फीट ऊंचे रावण के पुतले की कीमत 30 से 32 हजार रुपए तक है।

