Food

सेब की मिठास में लगेगा मसालों का तड़का, रोटी-पराठे के साथ ट्राई करें ये सब्जी

Apple Sabzi Recipe: सेब से आपने हलवा, जैम और चटनी तो कई बार बनाई होगी, लेकिन क्या कभी इसकी सब्जी खाई है. सेब से बनी खट्टी-मीठी और चटपटी सब्जी खाने में काफी अलग लगती है. इसे रोटी या पराठे के साथ परोसा जा सकता है. इसकी खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती.

सेब, हरी मिर्च, अदरक और कुछ मसालों की मदद से घर पर आसानी से यह सब्जी तैयार की जा सकती है, अगर घर में बच्चे सेब खाने में आनाकानी करते हैं, तो आप उन्हें इसका नया स्वाद चखाने के लिए यह रेसिपी बना सकते हैं. आइए जानते हैं सेब की सब्जी बनाने का आसान तरीका.

सेब की सब्जी बनाने के लिए सामग्री
इस सब्जी को बनाने के लिए आपको इन चीजों की जरूरत होगी.
1. सेब – 3 से 4.
2. तेल – जरूरत के अनुसार.
3. जीरा – आधा छोटा चम्मच.
4. हींग – एक चुटकी.
5. हरी मिर्च – 1 से 2.
6. अदरक – थोड़ा सा.
7. हल्दी – एक चौथाई छोटा चम्मच.
8. कश्मीरी लाल मिर्च – स्वादानुसार.
9. काला नमक – स्वादानुसार.
10. चिली फ्लेक्स – थोड़ा सा.
11. चीनी – 1 से 2 छोटे चम्मच.
12. नींबू का रस – स्वादानुसार.
13. पानी – लगभग 1 कप.
14. हरा धनिया – बारीक कटा हुआ

कैसे बनाएं सेब की खट्टी-मीठी सब्जी
पहला स्टेप: सेब काटकर तैयार करें
सबसे पहले 3 से 4 सेब धोकर छील लें. अब इन्हें आलू की सब्जी की तरह मध्यम आकार के टुकड़ों में काट लें. सेब जल्दी गल जाते हैं, इसलिए इन्हें बहुत छोटे टुकड़ों में न काटें. अदरक को कद्दूकस कर लें और हरी मिर्च को बारीक काट लें. हरा धनिया भी काटकर रख लें, ताकि सब्जी बनाते समय सारी सामग्री आसानी से मिल जाए.

दूसरा स्टेप: तेल में भूनें मसाले
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें. इसमें जीरा और हींग डालें. जीरा चटकने लगे, तो कटी हुई हरी मिर्च डाल दें. अब हल्दी और कश्मीरी लाल मिर्च डालकर कुछ सेकंड चलाएं. इसके बाद कटे हुए सेब और स्वादानुसार काला नमक डालें. सारी सामग्री को अच्छी तरह मिला लें, ताकि मसाले सेब पर अच्छी तरह लग जाएं.

तीसरा स्टेप: पकाएं और खट्टा-मीठा स्वाद दें
अब कड़ाही में लगभग एक कप पानी डालकर ढक्कन लगा दें. सेब को धीमी आंच पर पकने दें. जब सेब नरम होने लगें, तो इसमें कद्दूकस किया हुआ अदरक और थोड़ा चिली फ्लेक्स डालें. करीब 2 से 3 मिनट और पकाएं. अब चीनी और नींबू का रस मिलाएं. चीनी और नींबू की मात्रा अपने स्वाद के हिसाब से कम या ज्यादा रख सकते हैं. सब्जी को हल्का मैश कर लें, लेकिन चाहें तो सेब के कुछ टुकड़े साबुत भी रख सकते हैं. आखिर में कटा हुआ हरा धनिया डालें और गर्मागर्म रोटी या पराठे के साथ परोसें.

सेब की सब्जी बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
सेब पकाते समय आंच धीमी रखें, क्योंकि ज्यादा पकाने पर इसके टुकड़े पूरी तरह गल सकते हैं, अगर आपको गाढ़ी सब्जी पसंद है, तो सेब को हल्का मैश कर लें. वहीं, टुकड़ों वाली सब्जी पसंद करने वालों को इसे ज्यादा देर तक नहीं पकाना चाहिए. चीनी और नींबू का रस आखिर में डालने से खट्टे-मीठे स्वाद को अपने हिसाब से संतुलित करना आसान रहता है.

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *