Crime News

यूपी STF ने शूटर नसीम दुर्रानी को मार गिराया

यूपी STF ने बुलंदशहर में शूटर नसीम दुर्रानी (37) को एनकाउंटर में मार गिराया। उस पर 50 हजार का इनाम था। 4 दिन पहले दिल्ली में मंत्री कपिल मिश्रा के ऑफिस के बाहर एक युवक की हत्या में वांटेड था।

STF और दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि नसीम बुलंदशहर में छिपा है। टीम ने उसकी लोकेशन में उसे घेरा तो उसने फायरिंग कर दी।

दोनों तरफ से 15-20 राउंड गोलियां चलीं। दुर्रानी के सीने में दो गोलियां लगीं। मुठभेड़ गुरुवार रात 1 बजे सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में हुई।

दिल्ली के रहने वाले नसीम ने अपने इंस्टाग्राम बायो में लिखा था- नाम ‘बदनाम’, पता ‘तिहाड़ जेल’ और काम ‘मरने तक क्राइम करने का’। उस पर 26 मुकदमे दर्ज थे। इनमें 4 हत्या के थे।

नसीम अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के संपर्क में भी रहा था। 2017 में छोटा शकील ने उसे तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन की हत्या की सुपारी दी थी। उस पर पाकिस्तानी मूल के लेखक तारिक फतेह की हत्या की साजिश रचने का भी आरोप था।

नसीम के तीन बड़े क्राइम

1- 4 दिन पहले दिल्ली में युवक की हत्या की थी

नसीम ने 16 नवंबर को दिल्ली के खजूरी खास थाना क्षेत्र के सोनिया विहार में समीर नाम के युवक की गोली मारकर हत्या की थी। वारदात के बाद फरार हो गया था। इसके बाद से दिल्ली पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

2- मई 2026 में भी एक युवक की हत्या

26 मई 2026 को दिल्ली के खजूरी खास इलाके में फायरिंग हुई थी। इसमें राजा मेवाती नाम के व्यक्ति को गोली लग गई। जांच में नसीम को इस हत्याकांड का मुख्य शूटर बताया गया।

3- गाजियाबाद में महिला को गोली मारी थी

STF के मुताबिक, 2025 में नसीम ने गाजियाबाद के लोनी में एक महिला पर फायरिंग की थी। इसमें महिला को गोली लगी थी, हालांकि उसकी जान बच गई। इस मामले में गाजियाबाद पुलिस ने नसीम पर 50 हजार का इनाम घोषित किया था।

नसीम की शादी हो चुकी थी, 3 बहनें हैं

नसीम उर्फ रिजवान पुत्र इस्लामुद्दीन उर्फ बुधु मूल रूप से दिल्ली के न्यू मुस्तफाबाद के राजीव गांधी नगर का रहने वाला था। परिवार में पिता इस्लामुद्दीन, मां नफीसा, पत्नी जेबा और तीन बहनें रुबीना, रानी और जीनत हैं।

पुलिस के अनुसार, नसीम का नाम साल 2010 से लगातार आपराधिक मामलों में सामने आता रहा है। उसके खिलाफ दिल्ली और यूपी में 22 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और पुलिस पर हमले से जुड़े मुकदमे शामिल हैं। STF की जांच में नसीम के इंस्टाग्राम अकाउंट सामने आया है। उसके 273 फॉलोअर्स हैं। कुल 32 पोस्ट की गई हैं। इनमें कुछ वीडियो हुक्का पीते हुए हैं, तो कुछ पेशी पर ले जाते समय के हैं।

पुलिस जांच कर रही है कि पुलिस कस्टडी और हथकड़ी लगे होने के बावजूद उसकी रील और तस्वीरें किसने बनाकर अपलोड कीं। कुछ तस्वीरों में आसपास पुलिसकर्मी भी नहीं दिख रहे हैं।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *