सोना 24% टूटा, निफ्टी में 8% से ज्यादा की तेजी
जब सोने की कीमतें तेजी से बढ़ती हैं, तो निवेशकों को लगता है कि इसमें पैसा लगाना फायदेमंद रहेगा. लेकिन जब सोना अपने हाई लेवल से करीब 24% गिर जाए और दूसरी तरफ शेयर बाजार में एक ही हफ्ते में 8% से ज्यादा की तेजी आ जाए, तो निवेशकों के सामने नया सवाल खड़ा हो जाता है कि अब पैसा कहां लगाना बेहतर होगा. सोना खरीदें, शेयर बाजार में निवेश करें या दोनों में संतुलन बनाकर चलें? इस सवाल का जवाब जानने के लिए न्यूज18 हिंदी ने बात की Wise Finserv के ग्रुप CEO और CIO अजय कुमार यादव से. उनके मुताबिक, निवेश का फैसला सिर्फ हालिया तेजी या गिरावट देखकर नहीं करना चाहिए. इसके लिए कंपनियों की कमाई, शेयरों की वैल्यूएशन और अपने निवेश की अवधि को समझना जरूरी है.
सोने की कीमतों में गिरावट की क्या है वजह?
अजय कुमार यादव के मुताबिक, जनवरी 2026 में सोने की कीमत करीब 1.76 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर थी, जो 16 नवंबर 2026 तक घटकर लगभग 1.34 लाख रुपये रह गई. यानी कीमतों में करीब 24% की गिरावट आई. इसके पीछे अमेरिकी डॉलर की मजबूती, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड का ऊंचा रहना और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका जैसे कारण हैं. जब अमेरिकी सरकारी बॉन्ड से अच्छा रिटर्न मिलने की संभावना होती है, तो निवेशकों की सोने में दिलचस्पी कम हो सकती है. इसकी वजह यह है कि सोना ब्याज या डिविडेंड नहीं देता.
हालांकि, सोने की कीमत में 24% की गिरावट का मतलब यह नहीं है कि अब यह सस्ता हो गया है. सोना किसी कंपनी की तरह मुनाफा नहीं कमाता और न ही निवेशकों को डिविडेंड देता है. इसकी कीमत ब्याज दरों, डॉलर की चाल, सेंट्रल बैंकों की खरीदारी और निवेशकों की मांग पर निर्भर करती है. इसलिए सिर्फ गिरावट देखकर सोने में बड़ी रकम लगाना सही स्ट्रैटजी नहीं मानी जा सकती.
एक्सपर्ट के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार में वैल्यूएशन पहले के मुकाबले आकर्षक हुआ है. 13 नवंबर 2026 को निफ्टी का प्राइस-टू-अर्निंग (P/E) रेश्यो करीब 20.5 था, जबकि इसका 10 साल का ऐवरेज 23.2 रहा है. इसका मतलब है कि निवेशक कंपनियों की कमाई के मुकाबले पहले की तुलना में कम कीमत चुका रहे हैं. वहीं, फॉरवर्ड P/E करीब 18.6 था, जबकि इसका 10 साल का ऐवरेज 20.9 है.
इसका एक आसान उदाहरण समझें तो अगर कोई शेयर 2,000 रुपये का है और कंपनी प्रति शेयर 100 रुपये कमाती है, तो उसका P/E 20 होगा. अगर कंपनी की कमाई बढ़कर 115 रुपये हो जाए और शेयर की कीमत 2,000 रुपये ही रहे, तो P/E घटकर करीब 17.4 रह जाएगा. यानी शेयर की कीमत बढ़े बिना भी कंपनी की कमाई बढ़ने से उसका वैल्यूएशन आकर्षक हो सकता है. हालांकि, भविष्य की कमाई के अनुमान हमेशा सही साबित हों, यह जरूरी नहीं है.
भारत की आर्थिक ग्रोथ और विदेशी निवेशकों की वापसी
भारत की आर्थिक स्थिति भी शेयर बाजार के लिए अहम मानी जा रही है. वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी अप्रैल-जून में देश की GDP ग्रोथ 7.8% रही. मजबूत आर्थिक विकास से कंपनियों की बिक्री और मुनाफे में बढ़ोतरी की संभावना बनती है. इसके अलावा, विदेशी निवेशकों की भारतीय शेयर बाजार में दिलचस्पी फिर बढ़ने के संकेत मिले हैं. HSBC ने 6 नवंबर 2026 की रिपोर्ट में भारतीय शेयरों की रेटिंग न्यूट्रल से बढ़ाकर ओवरवेट कर दी थी.
ब्रोकरेज हाउस भी भारतीय बाजार को लेकर पॉजिटिव अनुमान दे रहे हैं. Citi ने 9 नवंबर को निफ्टी का लक्ष्य 26,000 से बढ़ाकर 28,000 कर दिया. वहीं, Morgan Stanley ने दिसंबर 2027 तक सेंसेक्स के 95,000 तक पहुंचने का अनुमान जताया है. हालांकि, ये सिर्फ अनुमान हैं. बाजार की चाल कंपनियों के वास्तविक नतीजों, कच्चे तेल की कीमतों और विदेशी निवेशकों की गतिविधियों पर भी निर्भर करेगी.
अगले निवेश के लिए गोल्ड या इक्विटी, क्या है बेहतर?
अजय कुमार यादव के मुताबिक, जिन निवेशकों का नजरिया अगले 5 से 7 साल या उससे ज्यादा का है, वे फिलहाल डायवर्सिफाइड भारतीय इक्विटी में ज्यादा निवेश पर विचार कर सकते हैं. इसके लिए लार्ज-कैप और फ्लेक्सी-कैप फंड विकल्प हो सकते हैं. हालांकि, इसका आधार निफ्टी में आई हालिया तेजी नहीं, बल्कि शेयरों का वैल्यूएशन, कंपनियों की संभावित कमाई और देश की आर्थिक ग्रोथ होनी चाहिए. अगर बड़ी रकम निवेश करनी है, तो पूरी रकम एक साथ लगाने के बजाय कुछ महीनों में निवेश करना बेहतर हो सकता है.

