Crime News

खुर्जा : ससुराल वालों ने युवक को पीटा, पत्नी बोली-परेशान होकर मायके में रह रही

खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खटीक पाड़ा में पारिवारिक विवाद के चलते हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। शनिवार को अपनी ससुराल पहुंचे एक युवक ने वहां जमकर हंगामा किया और पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद गुस्साए ससुरालीजनों और पत्नी ने मिलकर युवक की जमकर पिटाई कर दी। इसका वीडियो भी सामने आया है।

​खुर्जा नगर के खटीक पाड़ा निवासी शशि देवी का दिल्ली निवासी अपने पति योगेश कुमार के साथ पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था। पति पेशे से प्राइवेट स्कूल में नौकरी करता है। पत्नी का आरोप है कि उसका पति आए दिन उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। पति की रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता पिछले काफी समय से अपने मायके में रह रही थी।

​बताया जा रहा है कि आरोपी पति अचानक अपनी ससुराल खटीक पाड़ा पहुंच गया और वहां गाली-गलौज करते हुए हंगामा करने लगा। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि पति ने मायके में ही अपनी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बेटी के साथ मारपीट होता देख मायके पक्ष के लोग भी आक्रोशित हो गए। इसके बाद पत्नी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पति को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। बीच मोहल्ले में हुए इस हंगामे और मारपीट को देखने के लिए मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ​घटना के बाद पीड़ित पत्नी ने खुर्जा कोतवाली पहुंचकर आरोपी पति के खिलाफ नामजद तहरीर दी और पुलिस से सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।

​इस पूरे मामले पर एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और पीड़िता की तहरीर का संज्ञान लिया गया है। आरोपी युवक को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर दोषी के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *