Business

Gold Silver Price Prediction: सोने-चांदी में जोरदार तेजी

सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट के बाद आखिरकार बाजार में रौनक लौटती दिख रही है. टेक्निकल और डेरिवेटिव एनालिस्ट व मार्केट एक्सपर्ट सचिन सरवादे के मुताबिक, पिछले एनालिसिस के अनुसार, अहम ‘सपोर्ट जोन’ की बात की गई थी, सोना और चांदी ठीक उन्हीं लेवल से पलटते हुए नजर आए हैं. डेली चार्ट पर बन रहे लेटेस्ट टेक्निकल फैक्टर्स के अनुसार, बाजार में बिकवाली का दबाव अब कमजोर पड़ रहा है और खरीदारों की वापसी शुरू हो चुकी है. ऐसे में एक्सपर्ट ने गोल्ड और सिल्वर की कीमतों पर भविष्यवाणी की है, जिसके बारे में निवेशकों को जरूर चेक करना चाहिए.

सोना में सही सपोर्ट से मारी छलांग

पिछले एनालिसिस में MCX पर सोने के लिए ₹1,21,062 (38.2% फिबोनाची रिट्रेसमेंट) का लेवल एक बेहद मजबूत लेवल बताया गया था. सोने ने गिरावट के दौरान ₹1,21,424 का निचला स्तर (Low) छुआ और वहीं से खरीदारी लौट आई. लेटेस्ट सेशन में सोना करीब 2.59% (+₹3,160) की शानदार तेजी के साथ ₹1,24,938 के आसपास ट्रेड कर रहा है.

डेली चार्ट पर RSI (Relative Strength Index) गिरकर 17.39 के बेहद निचले (ओवरसोल्ड) लेवल तक चला गया था. अब वहां से इसमें तेज उछाल आया है और यह बढ़कर 26.33 पर पहुंच गया है. यह साफ संकेत है कि निचले लेवल पर निवेशक अब सोने को सस्ते में खरीदने के लिए आगे आ रहे हैं. अगर यह तेजी बरकरार रहती है, तो सोने के लिए अगला छोटा पड़ाव 10-दिन के मूविंग एवरेज (₹1,31,195) और उसके बाद 20-दिन के मूविंग एवरेज (₹1,37,278) के आसपास देखने को मिल सकता है.

वीकली 200-EMA (₹1,46,694) के बेहद मजबूत आधार के पास ही चांदी की गिरावट थमती हुई नजर आई. चांदी ने ₹1,46,868 का निचला स्तर बनाया और वहां से करीब 2.54% (+₹3,749) उछलकर ₹1,51,562 के लेवल पर पहुंच गई है.

इसे एक आसान उदाहरण से समझिए जब किसी कमोडिटी की कीमत तो नीचे की तरफ नया लो (Low) बना रही हो, लेकिन रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) नीचे जाने के बजाय ऊपर की तरफ मुड़ने लगे, तो इसे तकनीकी भाषा में ‘पॉजिटिव डाइवर्जेंस’ कहते हैं. चांदी के डेली चार्ट पर ठीक यही पैटर्न साफ तौर पर दिखाई दे रहा है. कीमतें नीचे आने के बावजूद डेली RSI 23.10 के स्तर पर मजबूती दिखा रहा है, जो एक बड़े ट्रेंड रिवर्सल (गिरावट से तेजी की ओर मुड़ने) का सबसे भरोसेमंद संकेत माना जाता है.

इस पॉजिटिव डाइवर्जेंस और मजबूत सपोर्ट से मिले उछाल को देखते हुए आने वाले समय में चांदी में एक शानदार रिकवरी रैली देखने को मिल सकती है. तकनीकी संकेतों के आधार पर चांदी में ऊपर की ओर ₹1,80,000 से ₹1,90,000 तक के लेवल (जहां ₹1,90,946 के पास बड़ा रेजिस्टेंस है) दोबारा देखने को मिल सकते हैं.

निवेशकों के लिए क्या है संकेत?

सोने का ₹1,21,400 के पास से घूमना और चांदी का ₹1,46,800 के स्तर से मजबूत वापसी करना यह दिखाता है कि पिछले कुछ हफ्तों से जारी भारी बिकवाली के बाद बाजार अब संभलने लगा है. खासकर चांदी में दिख रहा ‘पॉजिटिव डाइवर्जेंस’ इस बात का इशारा है कि लो लेवल पर स्मार्ट मनी (बड़े निवेशक) की खरीदारी शुरू हो चुकी है. निवेशकों को अब बाजार में पैनिक करने के बजाय इन प्रमुख सपोर्ट लेवल को ध्यान में रखकर स्ट्रैटजी बनानी चाहिए.

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *