AMU हॉस्टल में नकाबपोशों ने छात्र का सिर फोड़ा
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के अल्लामा इकबाल हॉस्टल में मंगलवार रात नकाबपोश हमलावरों ने एक छात्र पर हमला कर दिया। आरोप है कि हॉकी स्टिक, लाठी-डंडे और पाइप लेकर पहुंचे 7-8 हमलावरों ने छात्र को घेरकर पीटा। हमले में उसका सिर फट गया और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। छात्र की तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस ने गाजीपुर निवासी इकरामा समेत 7-8 अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज की है।
कमरे में घुसकर किया हमला
पुलिस को दी तहरीर में समर अलतमस पुत्र सहरुल हक ने बताया कि वह बिहार के कटिहार का रहने वाला है और AMU में कक्षा 12वीं का छात्र है। मंगलवार रात करीब 11 बजे वह अल्लामा इकबाल हॉस्टल के वार्डन हाउस स्थित कमरा नंबर तीन में अपने छोटे भाई सैफ और रूममेट अनम के साथ बैठा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर गाजीपुर निवासी इकरामा अपने 7-8 साथियों के साथ कमरे में घुस आया।
हॉकी-डंडों और पाइप से पीटा
आरोप है कि सभी हमलावरों ने नकाब पहन रखे थे। वे एकराय होकर हॉकी स्टिक, लाठी-डंडे और पाइप से लैस थे। कमरे में घुसते ही उन्होंने समर पर हमला कर दिया। उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। हमले में समर के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। उसके भाई और दोस्त ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। समर की तहरीर पर सिविल लाइंस थाने में बुधवार रात FIR संख्या दर्ज की गई।

