Saharanpur News: पुलिस के साथ महिलाओं ने की हाथापाई, कॉन्स्टेबल को जड़ा थप्पड़…
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर स्थित कोर्ट रोड पुल पर बुधवार, 18 नवंबर की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घुमंतू समुदाय के दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद पुलिसकर्मियों तक पहुंच गया. झगड़ा शांत कराने पहुंचे दो पुलिसकर्मियों के साथ महिलाओं और बच्चों ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी. आरोप है कि इसी दौरान 3 से 4 महिलाओं ने एक कॉन्स्टेबल को घेरकर थप्पड़ जड़ दिया. इतना ही नहीं, वहां मौजूद बच्चों ने भी पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की. इसी दौरान एक युवक के साथ भी मारपीट की गई.
जानकारी के मुताबिक, कोर्ट रोड पुल पर घुमंतू समुदाय के कई परिवार रात के समय अपना ठिकाना बनाते हैं. बुधवार देर रात इनमें शामिल दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. शुरुआत में दोनों पक्षों के लोग आपस में बहस कर रहे थे, लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों तरफ से मारपीट शुरू हो गई इसी दौरान वहां मौजूद दो पुलिसकर्मियों ने झगड़ा होते देखा और दोनों पक्षों को शांत कराने के लिए मौके पर पहुंच गए. पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाने और विवाद खत्म करने की कोशिश की, लेकिन कुछ लोग उन्हीं से उलझ पड़े. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि महिलाओं और बच्चों ने भी पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी. आरोप है कि इसी दौरान एक कॉन्स्टेबल को थप्पड़ मार दिया गया.
कोर्ट रोड पुल पर अफरा-तफरी का माहौल
पुलिसकर्मियों के साथ हुई हाथापाई के दौरान वहां से गुजर रहे राहगीर भी रुक गए. कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. इसी बीच समुदाय के लोगों ने वहां मौजूद एक युवक के साथ भी मारपीट कर दी. काफी देर तक चले हंगामे के कारण कोर्ट रोड पुल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
पहले भी हो चुकी है मारपीट
बता दें कि सहारनपुर में पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और अभद्रता की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं. नवंबर 2024 में शांतिनगर क्षेत्र में दो गुटों के विवाद को शांत कराने पहुंची पुलिस टीम के साथ मारपीट हुई थी. वहीं नकुड़ थाना क्षेत्र में नशा तस्कर को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम के काम में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई का मामला भी सामने आया था. कोर्ट रोड पुल की इस घटना ने एक बार फिर पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं

