News

नोएडा में इंजीनियर से 21 लाख की ठगी

नोएडा में साइबर ठगों ने टेलीग्राम पर दोस्ती कर एक इंजीनियर को निवेश के नाम पर अपने जाल में फंसा लिया। ई-कॉमर्स कंपनी के सामान की खरीद-फरोख्त कर 10 प्रतिशत मुनाफा कमाने का झांसा दिया। शुरुआत में छोटे निवेश पर मुनाफा भी दिया, जिससे इंजीनियर को भरोसा हो गया। इसके बाद 12 बार में उससे 21 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। रकम निकालने की कोशिश की तो पैसे नहीं मिले। पीड़ित ने बुधवार को साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

ग्रेटर नोएडा के टेक जोन-4 निवासी अंकित पेशे से इंजीनियर हैं। उनके मुताबिक, 20 जुलाई को टेलीग्राम पर नियारा नाम की महिला से उनकी दोस्ती हुई थी। महिला ने अपनी आमदनी के बारे में बताया और अंकित को भी निवेश कर कमाई करने का सुझाव दिया। पहले उन्होंने इनकार किया, लेकिन महिला ने दूसरे लोगों के निवेश और मुनाफे के अनुभव साझा किए। इसके बाद अंकित ने ई-कॉमर्स कंपनी की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कर ऑनलाइन रीसेलर अकाउंट खोल लिया।

छोटे निवेश पर दिया 10 प्रतिशत मुनाफा

अंकित के मुताबिक, शुरुआत में कम रकम निवेश करने पर एक-दो दिन में ही 10 प्रतिशत मुनाफा मिला। इससे उन्हें योजना पर भरोसा हो गया। इसके बाद उन्होंने 21 सितंबर तक 12 बार में कुल 21 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

रकम निकालने लगे तो बंद कर दिया संपर्क

कुछ समय बाद अंकित को पैसों की जरूरत पड़ी तो उन्होंने निवेश की रकम निकालने की कोशिश की, लेकिन पैसे नहीं निकले। आरोप है कि महिला ने रकम वापस करने के बजाय और पैसे जमा कराने को कहा। अंकित ने आगे रकम देने से इनकार किया तो महिला ने उनसे बात करना बंद कर दिया। तब उन्हें ठगी का पता चला।

पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत की और साइबर क्राइम थाना पुलिस से संपर्क किया। डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *