Crime News

बागपत में 2 मंजिला मकान में आग, मां-बेटी जल गये, कारोबारी झुलस गया

बागपत में गुरुवार को 2 मंजिला मकान में आग लग गई। हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई। दोनों को बचाने की कोशिश में कारोबारी पति झुलस गया।

बताया जा रहा है कि मकान के ग्राउंड फ्लोर पर किराने की दुकान है। शॉर्ट सर्किट के चलते यहीं से आग भड़की। अंदर रखे 2 गैस सिलेंडर इसकी चपेट में आ गए।

देखते ही देखते दोनों सिलेंडर ब्लास्ट हो गए। इसके बाद आग और धुआं तेजी से पूरी बिल्डिंग में फैल गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब 30-40 मिनट में आग बुझाई।

सीढ़ी लगाकर दमकलकर्मी घर में घुसे। कारोबारी अंकुर जैन (40), पत्नी स्वाति (37) और बेटी अनन्या (7) को पुलिस ने एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां स्वाति और अनन्या ने दम तोड़ दिया। अंकुर को दिल्ली रेफर कर दिया गया है। दुकान का कर्मचारी भी मामूली रूप से घायल है। हादसा जिला मुख्यालय से 17 किमी दूर खेकड़ा कस्बे में मुबारिकपुर रोड पर हुआ।

अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ लीजिए-

  • खेकड़ा कस्बे में मुबारिकपुर रोड पर विनय जैन (65) का 900 स्क्वायर फीट का मकान है। परिवार में पत्नी पुष्पा (60), बेटा अंकुर, बहू स्वाति, पोता श्रेय (13) और पोती अनन्या है। सभी पहली मंजिल पर रहते हैं। ग्राउंड फ्लोर पर परचून की दुकान और गोदाम है, जहां जाहिद नाम का युवक काम करता है।
  • सुबह 7 बजे जाहिद ने दुकान खोली और साफ-सफाई करने लगा। इस दौरान विनय और पुष्पा मंदिर के लिए रवाना हो गए। श्रेय स्कूल चला गया। 7.45 बजे अचानक दुकान में आग लग गई। थोड़ी देर बाद दुकान में रखे 2 सिलेंडर फट गए। दुकान का शटर उखड़ कर बाहर आ गया। आग तेजी से पूरे घर में फैल गई।
  • ऊपरी मंजिल पर अंकुर, उसकी पत्नी और बेटी फंस गए। अंकुर आनन-फानन में नीचे आए तो देखा आग पूरी दुकान में फैल चुकी है। धुआं पूरे मकान में फैल गया है। वो तुरंत पत्नी और बेटी को बचाने ऊपर गए, लेकिन तब तक दोनों दम घुटने से बेहोश हो गए थे। जाहिद की मदद से अंकुर दोनों को बाहर लेकर आए।
  • इस दौरान अंकुर बुरी तरह झुलस गए। जाहिद का हाथ मामूली रूप से झुलस गया। आसपास के लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सुबह 8.30 बजे फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां पहुंचीं और 9-9.15 बजे तक आग पर काबू पा लिया। पुलिस सभी को अस्पताल लेकर पहुंची। जहां स्वाति और अनन्या को डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया।
  • सीएम योगी ने हादसे पर दुख जताया। अफसरों को तुरंत मौके पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

चीफ फायर ऑफिसर अमरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया- दुकान में आग की सूचना पर 2 गाड़ियां खेकड़ा, 2 बागपत और एक बड़ौत से भेजी गई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की बात सामने आई है। दुकान में रखे 2 सिलेंडरों में ब्लास्ट होने की वजह से आग पूरे घर में फैल गई।

डीएम ने मामले के जांच के आदेश दिए बागपत डीएम दिव्यांशु कुमार ने कहा- बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर इलाके की बिजली काट दी गई है। इलाके को सुरक्षित कर लिया गया है। राहत कार्य चल रहा है। पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश दिए गए हैं।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *