गाजियाबाद-कोर्ट ने चंद्रशेखर का घर कुर्क करने का दिया आदेश
गाजियाबाद की MP-MLA कोर्ट ने नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के घर की कुर्की का आदेश दिया है। मामला 2018 में साहिबाबाद के एक शादी समारोह में हथियार लहराते हुए युवक से मारपीट का है। कोर्ट में लगातार पेश न होने पर यह कार्रवाई की गई।
इससे पहले 1 अक्टूबर 2026 को कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया था। चंद्रशेखर को 17 नवंबर को पेश होना था, लेकिन वह मुंबई में संसदीय कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के कारण कोर्ट नहीं पहुंचे।
उनके अधिवक्ता चांद आलम ने प्रार्थनापत्र देकर अगली तारीख पर पेश होने की अनुमति मांगी थी। हालांकि, कोर्ट ने घर की कुर्की का नोटिस जारी कर दिया। मामले की अगली सुनवाई 8 दिसंबर को होगी।
लगातार गैरहाजिरी पर हुई कार्रवाई
पीड़ित के अधिवक्ता भजनलाल गौतम के मुताबिक, उनके मुवक्किल ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर चंद्रशेखर की लगातार गैरहाजिरी का मुद्दा उठाया था। मामले में आरोपपत्र पर कार्रवाई को लेकर सुनवाई चल रही है। अधिवक्ता का कहना है कि पहले गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद भी चंद्रशेखर कोर्ट में पेश नहीं हुए। इसके बाद कुर्की का आदेश जारी किया गया।
चंद्रशेखर बोले- गठबंधन से बौखलाई सरकार
संपत्ति कुर्क करने के आदेश पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि AIMIM और ASP के गठबंधन से सरकार बौखला गई है। इसी वजह से उन्हें परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 17 नवंबर को वह पहले से तय संसदीय कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने महाराष्ट्र गए थे। उनके वकील ने इस संबंध में कोर्ट में प्रार्थनापत्र भी दिया था।

