बॉयफ्रेंड के लिए टंकी पर चढ़ी युवती, बोली-जान दे दूंगी
गोरखपुर में 18 साल की लड़की अपने बॉयफ्रेंड से शादी करने के लिए 70 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ गई। प्रेमी के लिए जान देने की धमकी देते हुए लड़की चिल्लाने लगी-
‘मेरे बॉयफ्रेंड को बुलाओ। मैं उससे शादी करना चाहती हूं। अगर किसी ने रोकने की कोशिश की तो मैं जान दे दूंगी। जाओ, उसे बुलाकर लाओ।’
युवती को पानी टंकी पर देख आसपास काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। लोग उसे समझाने लगे। लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंची। लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
2 घंटे की मान-मनौव्वल के बाद उसके बॉयफ्रेंड को बुलाया गया और तत्काल शादी कराने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद युवती नीचे उतरी। फिर दोनों परिवारों की सहमति के बाद मौके पर ही शादी कराई गई। जयमाल के बाद लड़की को लड़के के घर भेज दिया गया।
मंगलवार देर शाम का यह मामला बेलीपार थानाक्षेत्र के महावीर छपरा गांव का है। युवक-युवती का चार साल से अफेयर था लेकिन घरवालों ने युवती की शादी कहीं और फिक्स कर दी थी। 21 अप्रैल को युवती की शादी थी। युवती ने बताया- वह इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रही थी, उसी दौरान गांव के ही रहने वाले युवक (19) से मुलाकात हुई थी। 2022 में हम दोनों में पहले दोस्ती हुई, फिर धीरे-धीरे एक-दूसरे से प्यार करने लगे। हम लोग चार साल से रिलेशनशिप में हैं।
मेरे घर वाले शादी के लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने मेरी शादी किसी और लड़के से तय कर दी। 21 अप्रैल को बारात आने वाली थी। मैंने शादी के लिए मना भी किया लेकिन घर वाले नहीं माने। मेरा घर से निकलना भी बंद कर दिया।
मैंने पैरेंट्स को मनाने की कोशिश की लेकिन नहीं माने। 14 अप्रैल यानी मंगलवार की दोपहर 3 बजे जोतबगही गांव में स्थित जल जीवन मिशन की पानी की टंकी के पास पहुंची। सोचा कि आज परिवार वाले नहीं माने तो कूदकर जान दे दूंगी।

