News

खुर्जा  : भाकियू कार्यकर्ताओं ने तहसील में मांगी भीख

खुर्जा  , भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने खुर्जा तहसील के अधिकारियों पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर कटोरा लेकर भीख मांगी, जिसका उद्देश्य कथित तौर पर लंबित कार्यों के लिए तहसील प्रशासन को पैसे देना था।

भाकियू का आरोप है कि तहसील में वर्षों से लंबित पड़े मामलों का निस्तारण बिना पैसे के नहीं किया जा रहा है। इससे आम किसान और ग्रामीण परेशान हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिना रिश्वत दिए फाइलों पर कार्रवाई नहीं होती और गरीब किसानों को बार-बार तहसील के चक्कर काटने पड़ते हैं। यह प्रदर्शन भाकियू युवा प्रदेश महासचिव बब्बन चौधरी के नेतृत्व में किया गया। कार्यकर्ता हाथों में कटोरा लेकर सड़कों पर उतर आए और जनता से भीख मांगते नजर आए। उनका कहना था कि वे जनता से पैसा इकट्ठा कर तहसील प्रशासन को सौंपेंगे, ताकि उनके लंबित कार्य पूरे हो सकें।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने तहसील प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की। यह घटना तहसील खुर्जा क्षेत्र के दाताराम चौक पर हुई।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भाकियू कार्यकर्ता सड़कों पर भीख मांगते साफ दिखाई दे रहे हैं। भाकियू नेता बब्बन चौधरी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

फिलहाल इस मामले में तहसील प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *