चाहे कितना भी नेगेटिव हो बैलेंस, 1 माह तक नहीं कटेगी आपकी बिजली, बस शर्त ये है!
लखनऊ: यूपी में सरकार ने कम लोड वाले बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है. अगर आपका बैलेंस नेगेटिव में होगा तब भी एक माह तक बिजली का कनेक्शन नहीं कटेगा. इसकी एक शर्त है… वो यह है कि 1 किलोवाट तक के कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन नहीं कटेगा. स कदम का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि भीषण गर्मी में लोगों को बिजली जैसी जरूरी सुविधा से वंचित न होना पड़े. वहीं, दो किलोवाट उपभोक्ताओं को भी राहत दी गई है. अगर माइनस में 200 रुपये हैं तो बिजली नहीं कटेगी. इससे छोटे घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ी सहूलियत मिलेगी, जो अक्सर आर्थिक तंगी या अन्य कारणों से समय पर बिल जमा नहीं कर पाते हैं.
सरकार ने बिजली विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन काटने से पहले कम से कम 5 अनिवार्य SMS भेजे जाएं. इन संदेशों के जरिए उपभोक्ताओं को उनके बकाया बिल और संभावित कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी, ताकि उन्हें समय रहते भुगतान का मौका मिल सके. यह व्यवस्था उपभोक्ता हितों को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है, जिससे पारदर्शिता और भरोसा दोनों बढ़ेंगे.
साथ ही, बिजली आपूर्ति को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं. गर्मी के मौसम में बढ़ती मांग को देखते हुए अनुरक्षण (मेंटेनेंस) कार्यों को प्राथमिकता देने और निर्बाध बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है. अधिकारियों को कहा गया है कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए.
गौरतलब है, अब अगर स्मार्ट मीटर का बैलेंस खत्म भी हो जाता है, तो भी तुरंत बिजली नहीं काटी जाएगी. नई व्यवस्था के अनुसार, अगर 200 रुपये तक माइनस में होते हैं तो (2 किलोवाट लोड तक) बिजली सप्लाई जारी रहेगी. इसका मकसद यह है कि उपभोक्ताओं को अचानक अंधेरे में न रहना पड़े और उन्हें रिचार्ज करने का समय मिल सके. वहीं, एक किलोवाट लोड तक माइनस में बैलेंस होने पर कोई कनेक्शन नहीं कटेगा.
कभी थे मजदूर, आज हैं 35 बीघा के मालिक, आम की बागवानी ने बदली हसन अहमद की जिंदगी
इससे पहले ऊर्जा मंत्री ने साफ निर्देश दिए थे कि रविवार या किसी भी सरकारी छुट्टी के दिन, अगर बैलेंस खत्म हो जाए, तब भी बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा. इससे लोगों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी और उन्हें रिचार्ज करने का समय मिल जाएगा. जहां हाल ही में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, वहां उपभोक्ताओं को खास छूट दी गई है. पहले 15 दिन का कन्वर्जन पीरियड होगा और उसके बाद 30 दिन तक किसी का भी कनेक्शन नहीं काटा जाएगा. इससे नए सिस्टम को समझने और अपनाने में लोगों को आसानी होगी.
SMS अलर्ट से मिलेगी पूरी जानकारी
उपभोक्ताओं को समय पर जानकारी देने के लिए 5-लेवल SMS अलर्ट सिस्टम शुरू किया जाएगा. जब बैलेंस 30% बचेगा, तब पहला मैसेज आएगा. 10% होने पर दूसरा, बैलेंस खत्म होने पर तीसरा, कनेक्शन कटने से एक दिन पहले चौथा और कनेक्शन कटने के बाद पांचवां मैसेज भेजा जाएगा. इससे लोग पहले ही अलर्ट हो जाएंगे और समय रहते रिचार्ज कर सकेंगे.
जांच के लिए बनी हाई लेवल कमेटी
स्मार्ट मीटर की गुणवत्ता जांचने के लिए एक हाई लेवल कमेटी बनाई गई है. इसमें आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञों समेत अन्य तकनीकी एक्सपर्ट शामिल हैं. यह कमेटी 10 दिनों में अपनी रिपोर्ट देगी, जिसके बाद आगे के फैसले लिए जाएंगे.

