नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए चलेंगी 15 ई-बस
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से उड़ान सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। इंडिगो और अकासा एयरलाइन ने अपना फ्लाइट शेड्यूल जारी कर दिया है। एयरपोर्ट तक यात्रियों की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 15 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन भी शुरू किया जाएगा। इसके लिए चार प्रमुख रूट फाइनल किए गए हैं, जिनसे होकर सभी ई-बसें एयरपोर्ट तक जाएंगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि इन रूटों पर ई-बस सेवा शुरू होने से नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान होगा। साथ ही ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट के बीच आवागमन भी सुगम हो जाएगा।
प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक बसों का संचालन फ्लाइट टाइमिंग के अनुसार किया जाएगा, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सभी बसें वातानुकूलित (एसी) होंगी और इनका संचालन उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग द्वारा किया जाएगा।
व्यस्त समय में बसों के अतिरिक्त फेरे भी लगाए जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि एक महीने के परीक्षण के बाद यात्रियों की संख्या और जरूरत के अनुसार बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। इसके साथ ही ग्रेटर नोएडा में पहले से बने बस शेल्टरों को भी आधुनिक सुविधाओं के साथ संवारा जा रहा है।
इन चार रूटों पर चलेगी ई-बस सेवा
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति चौक से सूरजपुर टी-प्वाइंट और परी चौक होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक।
चार मूर्ति चौक से 130 मीटर रोड और राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) होते हुए एयरपोर्ट तक।
मकौड़ा गोलचक्कर से नॉलेज पार्क और सेक्टर पी-7 होते हुए एयरपोर्ट तक।
सेक्टर-16 से तिलपता, स्वर्ण नगरी, यथार्थ अस्पताल और गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (GBU) होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। एयरपोर्ट के साथ बेहतर सड़क और सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी क्षेत्र के विकास को भी नई गति देगी।

