संभल में ईदगाह की 25 फीट की मीनार ढहाई
यूपी के संभल में ईदगाह और मस्जिद पर मंगलवार दोपहर बुलडोजर चल रहा है। 25 फीट ऊंची ईदगाह की मीनार ढहा दी गई है। मौके पर पुलिस, PAC और RAF के 100 जवान तैनात हैं। आसपास के लोगों को वहां जाने नहीं दिया जा रहा है। इससे पहले, दोपहर ढाई बजे दो मकानों को भी तोड़ा गया।
प्रशासन का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की जा रही है। 6 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था। इसमें 4 बीघा जमीन सरकारी कब्रिस्तान की है।
इसी जमीन के 70 वर्गमीटर हिस्से में ईदगाह और मस्जिद बना दी गई थी। वहीं, बाकी 2 बीघा जमीन गांव की महिला की है, जिस पर दो लोगों ने जबरन कब्जा कर लिया था। मामला असमोली थाना क्षेत्र के मढ़न गांव का है। ईदगाह-मस्जिद: जनवरी 2026 में ग्रामीणों ने तत्कालीन डीएम राजेंद्र पैंसिया से सरकारी कब्रिस्तान की जमीन पर बनी ईदगाह और मस्जिद की शिकायत की थी। उन्होंने पैमाइश कराई, जिसमें निर्माण अवैध मिला। इसके बाद 21 अप्रैल 2026 को तहसीलदार कोर्ट ने ईदगाह और मस्जिद को हटाने का आदेश दिया था।
दोनों मकान: अब्बास हैदर ने बताया कि 2022 में मां मुबशशरा खातून ने 6 लाख रुपए में जमीन खरीदी थी, लेकिन गांव के शमशाद-इफ्तखार ने उस पर कब्जा कर मकान बना लिए। 2022 में मां ने SDM कोर्ट में शिकायत की। SDM ने 2025 में उनके पक्ष में फैसला सुनाया, लेकिन दोनों हाईकोर्ट पहुंच गए। हाईकोर्ट ने भी उनके पक्ष में फैसला दिया और एसडीएम ने कार्रवाई करने को कहा। SDM 8 जुलाई को मकान तोड़ने का आदेश दिया।
तहसीलदार धीरेंद्र कुमार ने बताया- सरकारी कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध रूप से ईदगाह बनाकर प्लॉटिंग करने का प्रयास किया गया था। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने की थी। आज इस अवैध ईदगाह को हटाया जा रहा है।

