अक्वान बन गया महातूफान, एमपी-यूपी तक आईएमडी की चेतावनी
IMD Cyclone Akvan Alert: बंगाल की खाड़ी में उठा भीषण चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ (Cyclone Akvan) अब और ताकतवर होता जा रहा है. इसके असर से दक्षिण भारत के तटीय राज्यों में मौसम बेहज ज्यादा बिगड़ने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, चक्रवात अक्वान 20 नवंबर को दोपहर तक उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तटों के बीच दस्तक दे सकता है. इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने और झोंकों के साथ 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. तूफान के प्रभाव से कल यानी 19 नवंबर को आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बेहद मूसलाधार बारिश हो सकती है. ऐसे में लोगों के लिए घर से बाहर निकलना खतरे से खाली नहीं रहेगा. दूसरी ओर, उत्तर भारत में ठंड के बीच कोहरे का असर बढ़ने लगा है. आईएमडी ने दिल्ली-NCR, पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है.
बंगाल की खाड़ी में मजबूत हो रहा चक्रवात अक्वान
मौसम विभाग के अनुसार, भीषण चक्रवाती तूफान अक्वान 18 नवंबर की सुबह 8:30 बजे दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्यवर्ती हिस्से और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था. यह पिछले छह घंटों के दौरान करीब 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा. ओडिशा के गोपालपुर से इस तूफान की दूरी करीब 710 किलोमीटर और पुरी से लगभग 770 किलोमीटर थी.
IMD का अनुमान है कि अक्वान उत्तर-पश्चिमोत्तर दिशा में आगे बढ़ते हुए 20 नवंबर को दोपहर तक मछलीपट्टनम और पुरी के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तटों को पार कर सकता है. इस दौरान यह भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में रह सकता है. इसकी अधिकतम निरंतर हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. तूफान के करीब आने के साथ ही समुद्र में भी हलचल बढ़ेगी. इस दौरान पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति बहुत खराब रहने का अनुमान है और यह स्थिति तूफान के तट पार करने तक बनी रह सकती है.
चक्रवात अक्वान का सबसे ज्यादा असर तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, अक्वान तूफान के चलते 19 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर बेहद भारी बारिश हो सकती है. 19 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अलग-अलग स्थानों पर बेहद भारी बारिश की आशंका है. इसके अलावा गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर भी चल सकता है. 19 और 20 नवंबर को कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.

