Dailynews

अजिथ्रोमाइसीन, पैन-डी सहित कई दवाओं की नकली फैक्ट्री का भंडाफोड़

वाराणसी/नालागढ़. हिमाचल प्रदेश में यूपी एसटीएफ और फूड सेफ्टी विभाग (एफएसडीए) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. यहां पर नकली दवाओं की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है. यूपी एसटीएफ और एफएसडीए ने संयुक्त छापेमारी की और नकली दवाओं के अंतरराज्यीय नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया है. जानकारी के अनुसार, सोलन जिले के नालागढ़ में यह छापेमारी की गई. इस दौरान हिमाचल प्रदेश के फूड सेफ्टी विभाग की टीम भी कार्रवाई में शामिल रही. बताया जा रहा है कि नालागढ़ के राजपुरा में खेड़ा बाईपास इलाके में छापेमारी की गई.

वाराणसी के एफएसडीए कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब  ने बताया कि छापेमारी के दौरान फैक्ट्री चालू हालत में मिली और यूनिट में नकली दवाओं के निर्माण की गतिविधियां चलती पाई गई हैं. फैक्ट्री से ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, पैकिंग मशीन और कैप्सूल फिलिंग मशीन भी मिली. इसके अलावा, प्रिंटेड फॉइल और स्टीरियो प्रिंटिंग उपकरण भी बरामद किए गए हैं. यूनिट को स्थानीय ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन और पुलिस के हवाले किया गया. बताया जा रहा है कि चने के भूसे और पाउडर से यहां मेडिसिन बनाई जा रही थी.

एफएसडीए कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब  ने बताया कि वाराणसी के रोहनिया में नकली दवाओं का स्टॉक पकड़े जाने के बाद जांच की गई थी. 17 प्रकार की दवाओं के सोर्स को ट्रेस करते हुए जांच हिमाचल तक पहुंची और फिर पैन-डी (Pan-D) और प्रेगाब्लिन(Pregabalin) आधारित दवाएं नकली पाई गईं. Pan-D दवा एसिडिटी, गैस और पेट की जलन और Pregabalin नसों के दर्द के लिए दी जाती है. साथ ही Cefixime-Azithromycin और Amoxycillin-Clavulanate जैसी महंगी ब्रांडेड दवाएं भी जांच के दायरे में हैं. जांच में वाराणसी, मुरादाबाद और लखनऊ की कड़ियां जोड़कर अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ. इसके अलावा, जीरोडोल एसपी, मांटिना एल, रेबिसेक एलएस, क्लैवेम 625, शेलकाल 500 और टैक्सिम ओ 200 समेत अन्य दवाओं से जुड़ी सामग्री भी मिली है. इनकी गुणवत्ता और प्रामाणिकता की जांच की जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि नकली दवाओं की आपूर्ति किन राज्यों, शहरों में की जा रही थी और इस अवैध कारोबार में कौन कौन लोग जुड़े हैं.
गौर रहे कि हिमाचल प्रदेश सोलन जिले के नालागढ़ में बड़े पैमाने पर दवाएं बनती है. हालांकि, लगातर प्रदेश में बनी दवाओं के सैंपल फेल हो रहे हैं. लेकिन फूड सेफ्टी विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं. ताजा मामले में भी यूपी पुलिस की टीम ने कार्रवाई की है, जबकि हिमाचल पुलिस और फूड सेफ्टी विभाग सोया हुआ है.

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का बयान

हिमाचल में नकली और घटिया दवाओं के निर्माण पर सीएम सुक्खू का कहना है कि घटिया दवाएं  बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. नकली दवाओं के मामले में प्रदेश सरकार ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं. सरकारी अस्पतालों में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है. सीएम ने कहा कि दवा खरीद के लिए 500 करोड़ रुपये सालाना टर्नओवर वाली कंपनियों की शर्त रखी थी लेकिन छोटे दवा आपूर्तिकर्ताओं के हाईकोर्ट जाने के बाद शर्त पर रोक लगाई गई है

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *