यूपी में भाजपा के 8,सपा के 2 राज्यसभा उम्मीदवार जीते
यूपी में राज्यसभा की 10 सीटों के नतीजे शुक्रवार शाम घोषित हो गए। भाजपा के 8 और सपा के 2 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इन सीटों पर 16 अक्टूबर को चुनाव होना था, लेकिन 10 सीटों के लिए 10 ही उम्मीदवार होने के कारण मतदान नहीं हुआ।
भाजपा के धर्मपाल सिंह, प्रकाश पाल, श्रुति गंगवार, प्रियंका रावत, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, राधाकांत ओझा और राम प्रताप सिंह चौहान निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। वहीं, सपा के रामगोपाल यादव और उद्योगपति धनराज परिमल नाथवानी ने भी जीत दर्ज की है। इनका कार्यकाल 25 नवंबर 2032 तक रहेगा।
राज्यसभा में सपा के सांसदों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। इससे पहले पार्टी के 4 सांसद रामगोपाल यादव, जावेद अली, रामजीलाल सुमन और जया बच्चन थे।
शुक्रवार दोपहर 3 बजे विधानसभा में निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार वर्मा ने प्रमाण पत्र बांटे। भाजपा उम्मीदवार धर्मपाल सिंह, प्रकाश पाल, श्रुति गंगवार, विद्या सागर सोनकर और प्रियंका रावत, गोपी कृष्ण पांडे और राम प्रताप सिंह चौहान ने खुद पहुंचकर प्रमाण पत्र लिए। राधाकांत ओझा की जगह उनके प्रतिनिधि ने प्रमाण पत्र लिया।
वहीं, सपा सांसद रामगोपाल यादव की ओर से पूर्व एमएलसी राकेश यादव प्रमाण पत्र लेने पहुंचे। हालांकि, उनके पास अथॉरिटी लेटर नहीं था। इस वजह से निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार वर्मा ने शुरुआत में उन्हें प्रमाण पत्र देने से इनकार कर दिया। उन्होंने फोन पर अथॉरिटी लेटर मंगवाया। बाद में रामगोपाल यादव का प्रमाण पत्र दे दिया गया।
उद्योगप्रति धनराज नथवानी प्रमाण पत्र लेने नहीं आए। वे 12 अक्टूबर को आएंगे।
जीतने पर क्या बोले राज्यसभा सांसद?
धर्मपाल सिंह ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। प्रमाण पत्र मिलने के बाद उन्होंने लखनऊ में वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की प्रतिमा के चरणों में प्रमाण पत्र समर्पित किया। कहा कि यह उनकी नहीं, पूरे समाज की उपलब्धि है। अब समाज को एकजुट कर 2027 में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने के लिए मेहनत करेंगे।

