News

बुलंदशहर : चीनी मिल में गन्ना खरीद और तौल में गबन का मामला

बुलंदशहर जनपद की एक चीनी मिल में गन्ना खरीद और तौल में अनियमितता का मामला सामने आया है। मिल प्रबंधन ने थाना कोतवाली नगर में आठ संविदा तौल लिपिकों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है।

मिल प्रबंधन द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, पेराई सत्र 2025-26 के दौरान विभिन्न क्रय केंद्रों पर तैनात इन तौल लिपिकों पर किसानों से खरीदे गए गन्ने की तुलना में चीनी मिल को कम मात्रा भेजने का आरोप है।

जिन आठ लिपिकों को नामजद किया गया है, उनमें सचिन कुमार, कुलदीप शर्मा, उमेश कुमार, वीरेंद्र सिंह, संदीप कुमार, पेसावा (सूरजपाल सिंह), दिगंबर तालान और रोबिन कुमार शामिल हैं।

मिल प्रबंधन का आरोप है कि इन तौल लिपिकों ने खरीदे गए गन्ने के सापेक्ष कम गन्ना मिल को भेजा, जिससे गन्ना गबन हुआ। यह अनियमितता किसानों की शिकायतों के बाद की गई आंतरिक जांच में सामने आई है।

शिकायत में बताया गया है कि संबंधित कर्मचारियों की जमानत राशि और वेतन मिल के पास जमा है, लेकिन कथित गबन की अनुमानित कीमत उससे कहीं अधिक है। प्रबंधन ने यह आशंका भी जताई है कि यदि समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में इसी तरह के अन्य मामले भी सामने आ सकते हैं।

कड़ी कार्रवाई करने की मांग

मिल प्रबंधन ने पुलिस से नामजद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार जांच कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले के सामने आने के बाद गन्ना किसानों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *