बुलंदशहर : खाद्य विभाग ने छापेमारी कर 100 किलो खराब चिप्स किया नष्ट
बुलंदशहर में दीपावली के त्योहार पर मिलावटी और अपमिश्रित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को जिले में सघन अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के पांच नमूने लिए गए। हजरतपुर स्थित नमकीन निर्माण इकाई में करीब 100 किलोग्राम दुर्गंधयुक्त और खराब पोटैटो चिप्स मिले, जिन्हें टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया। वहीं, बुगरासी बाजार स्थित एक निर्माण इकाई से 28 किलोग्राम वेजिटेबल फैट सीज किया गया।
नमकीन फैक्ट्री में मिले खराब चिप्स
आयुक्त खाद्य सुरक्षा, उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी बुलंदशहर के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) के नेतृत्व में विभाग की टीमों ने कार्रवाई की। तहसील सदर के हजरतपुर स्थित ‘डायमंड फूड इंडस्ट्री’ में औचक निरीक्षण के दौरान नमकीन का एक और उसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाले रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल का एक नमूना लिया गया। जांच के दौरान करीब 100 किलोग्राम दुर्गंधयुक्त और खराब पोटैटो चिप्स मिले, जिन्हें नमकीन बनाने में इस्तेमाल के लिए रखा गया था। टीम ने इन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया। अभियान के तहत तहसील अनूपशहर स्थित ‘आराध्य ट्रेडर्स’ पर भी छापेमारी की गई। यहां से ‘मां अंजनी ब्रांड’ देसी घी और ‘तपन ब्रांड’ कुकिंग मीडियम/इंटरेस्टिफाइड वेजिटेबल फैट के नमूने लिए गए।
इसके अलावा तहसील स्याना के बुगरासी बाजार स्थित ‘लक्ष्मी डेरी’ निर्माण इकाई से ‘आनंद ही आनंद’ ब्रांड के इंटरेस्टिफाइड एडिबल वेजिटेबल फैट का नमूना संग्रहित किया गया। मौके पर रखी इसी सामग्री की 35 पैक्ड डिब्बों में मौजूद कुल 28 किलोग्राम मात्रा को नियमानुसार सीज कर दिया गया। इसकी कीमत 5,250 रुपये बताई गई है।

