यूपी में मतदाता-सूची का ड्राफ्ट 17 नवंबर को जारी होगा:16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां
उत्तर प्रदेश में विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इसके तहत 17 नवंबर 2026 से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और संशोधन कराने के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। मतदाता सूची का प्रारूप 17 नवंबर को जारी होगा, जबकि दावे और आपत्तियां जमा करने की अंतिम तारीख 16 दिसंबर 2026 तय की गई है।
4 जनवरी को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
यह अभियान 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर चलाया जाएगा। प्राप्त दावों और आपत्तियों की जांच तथा उनका निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।
जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने बताया कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा और अन्य पात्र नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, नाम जुड़वाने के लिए जरूरी दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भर सकते हैं।
अलग-अलग काम के लिए अलग फॉर्म
फॉर्म-6: मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए।
फॉर्म-7: किसी मृतक या दूसरी जगह जा चुके व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए।
फॉर्म-8: नाम-पते में सुधार, मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) बदलवाने, दिव्यांग मतदाता के रूप में चिन्हांकन या निवास स्थान बदलने के लिए। मतदाता संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में फॉर्म जमा कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी मतदान केंद्र पर तैनात बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को भी आवेदन दिया जा सकता है।
ऑनलाइन आवेदन के लिए भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल https://voters.eci.gov.in या ECINET मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इनके माध्यम से नाम जुड़वाने, हटवाने और मतदाता सूची में संशोधन के लिए आवेदन किया जा सकता है।

