बुलंदशहर में भगवान मीन की मूर्ति खंडित
बुलंदशहर के पहासू थाना क्षेत्र में सोमवार रात असामाजिक तत्वों ने भगवान मीन (मीनेश) की मूर्ति खंडित कर दी। घटना रात करीब 8 बजे काली नदी तिराहे स्थित मीन भगवान चौक के मंदिर में हुई। मूर्ति खंडित होने की जानकारी मिलते ही मीणा समाज समेत सर्व समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और नई मूर्ति स्थापित कराने की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, मीणा समाज के प्रतिनिधि और पहासू थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। आक्रोशित लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। सर्व समाज के लोगों ने पुलिस-प्रशासन के सामने दो प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने मूर्ति खंडित करने वाले आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और क्षतिग्रस्त मूर्ति के स्थान पर प्रशासन की ओर से नई मूर्ति शीघ्र स्थापित कराने की मांग की। बताया गया कि मीन भगवान चौक के निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से बजट भी आवंटित किया गया था। पहासू थाना प्रभारी ने आक्रोशित लोगों को 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। पुलिस प्रशासन की ओर से कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद स्थानीय लोग और समाज के प्रतिनिधि शांत हुए।पहासू थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

