News

KHURJA : मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश घायल

बुलंदशहर के खुर्जा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश लखन पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सूरजमल जटिया अस्पताल में भर्ती कराया है। बदमाश के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। मुठभेड़ सोमवार रात साढ़े 8 बजे हुई। सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि रात करीब 8:30 बजे खुर्जा नगर क्षेत्र में आरके फार्म हाउस के पीछे चंद्रलोक बंबे के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया। चालक ने रुकने की बजाय बाइक कच्चे रास्ते की तरफ दौड़ा दी, लेकिन कुछ दूरी पर बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जिसमें लखन घायल हो गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान खुर्जा नगर निवासी लखन (पुत्र राजिंदर) के रूप में हुई। लखन ने कबूल किया कि उसने 20 अगस्त को अपने साथियों के साथ मिलकर कानून के छात्र अंकुर चौधरी पर जानलेवा हमला किया था। इस घटना के बाद से ही उस पर बलवा और मारपीट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था और एसएसपी बुलंदशहर ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, लखन पर हत्या के प्रयास समेत आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना में शामिल 25-25 हजार रुपये के अन्य 5 फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें जगह-जगह दबिश दे रही हैं।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *