जयपुर : पटाखा गोदाम में आग, जलने के बाद सड़क पर तड़पते रहे लोग
जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में स्थित पटाखों के गोदाम में मंगलवार सुबह 11 बजे भीषण आग लग गई। अग्निकांड में बच्चे समेत सात लोगों की मौत हो गई। एक मजदूर झुलस गया
मरने वालों में अब्दुल वाहिद (50), राबिल, बिलाल (30), समीर (20) और अजीम उर्फ आविद शामिल हैं। 2 मृतकों की शिनाख्त नहीं हुई है। वहीं नासिर SMS हॉस्पिटल के बर्न वार्ड में भर्ती है।
एसएमएस अस्पताल के प्लास्टिक सर्जन डॉक्टर आरके जैन ने बताया- नासिर 95% झुलस गया।
जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने बताया- पटाखों का गोदाम खोह नागोरियान में आयशा नगर तलाई क्षेत्र आईटीआई कॉलेज के पास है। कोई ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग लगी है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया- जहां हादसा हुआ, वो पटाखे रखने का गोदाम है। इसकी फैक्ट्री कुछ दूर है। पूरी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। रिहायशी इलाके में गोदाम अवैध रूप से था। इसके मालिक के खिलाफ कार्रवाई होगी।
विधायक बोले- क्या पुलिस को पता नहीं था?
विधायक अमीन कागजी ने कहा- रिहायशी इलाके में बारूद का गोदाम होने का क्या पुलिस को नहीं पता था। लोग भी किसके दबाव में हैं, जो बोल नहीं रहे हैं। यह किसका है, किसका नहीं, इस पर भी कोई जवाब नहीं है।
विधायक ने कहा कि अब जिम्मेदार कहेंगे मरने वाले राजस्थान के नहीं हैं, तो क्या जीवन उनका नहीं है। फेल्योर तो आपका है। अवैध पटाखा गोदाम जिस जगह संचालित किया जा रहा था, यह कॉलोनी पूरी तरह अवैध मानी जा रही है। क्षेत्र से संबंधित तहसीलदार और पटवारी से जिला प्रशासन ने रिपोर्ट मांगी है।
वहीं, जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में अग्निकांड में मारे गए रामगंज निवासी अब्दुल वाहिद का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है। जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया- अब तक चार की मौत हो चुकी है। वहीं 4 घायल हैं, इनमें 2 गंभीर हैं। प्रथमदृष्टया लगता है कि यह पटाखे रखने का गोदाम है। इसकी फैक्ट्री कुछ दूर है। अब पूरी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
रिहायशी इलाके में यह गोदाम अवैध रूप से था। गोदाम मालिक के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसमें पुलिसकर्मी, मकान मालिक सहित जो भी जिम्मेदार हैं, सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी।

