खुर्जा : शिकारपुर-पहासू Y-प्वाइंट पर एक बेशकीमती जमीन को लेकर विवाद, BKDA टीम पर मिलीभगत आरोप
बुलंदशहर के खुर्जा में शिकारपुर-पहासू Y-प्वाइंट पर एक बेशकीमती जमीन को लेकर विवाद गहरा गया है। बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण (बीकेडीए) और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पैमाइश की, जिसके बाद एक पक्ष ने टीम पर एकतरफा कार्रवाई और विपक्षी दल से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पीड़ित पक्ष ने अब मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।
यह विवाद एक भूखंड के खाली हिस्से पर दुकानों के निर्माण को लेकर है। भूखंड के कुछ हिस्से पर पहले से दुकानें बनी हुई हैं, जबकि शेष खाली हिस्से पर दूसरे पक्ष द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा था। मामले की शिकायत तहसील में पहुंचने और विवाद बढ़ने के बाद पुलिस प्रशासन ने फिलहाल निर्माण कार्य रुकवा दिया है।
पैमाइश के दौरान नौशाद नामक व्यक्ति ने जांच टीम की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त किया। नौशाद का दावा है कि यह भूमि उनके पूर्वजों की है। उन्होंने बताया कि भूमि का कुछ हिस्सा पहले बेचा जा चुका है, लेकिन शेष पुश्तैनी हिस्से पर दबंगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा है। नौशाद ने आरोप लगाया कि जांच टीम ने दूसरे पक्ष के साथ साठगांठ कर ली है और उनकी पैमाइश न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि खतौनी में यह भूमि उनके नाम दर्ज है, फिर भी प्रशासन उचित कार्रवाई नहीं कर रहा है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री से अपनी पुश्तैनी भूमि को कब्जा मुक्त कराकर उन्हें सौंपने की गुहार लगाई है। इस प्रकरण में खुर्जा की एसडीएम प्रतीक्षा पाण्डेय ने बताया कि जमीन को लेकर दोनों पक्ष अपने-अपने दावे पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामला संवेदनशील है, इसलिए राजस्व, बीकेडीए और नगरपालिका की संयुक्त टीम द्वारा जांच प्रक्रिया जारी है। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि फिलहाल पैमाइश की विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट आने के बाद ही भूमि का वास्तविक क्षेत्रफल और सटीक स्थान स्पष्ट हो सकेगा, जिसके आधार पर नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

