Dailynews

LPG Price Hike Impact : कचौड़ी-पकौड़ी का स्वाद हुआ महंगा, गैस सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपए की बढ़ोतरी

जयपुर. राजस्थान में एक बार फिर LPG गैस उपभोक्ताओं पर महंगाई की मार पड़ी है. लंबे समय से चल रही घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच अब 19 किलो के कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपए की बढ़ोतरी की गई है, जो लोगों को राहत देने वाली नहीं है. पहले ही रेस्तरां, ढाबों और हॉस्टलों में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत से लोग परेशान हैं, उसके ऊपर अचानक 993 रुपए की बढ़ोतरी घाव पर नमक छिड़कने जैसा है.

कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर प्रमुख गैस एजेंसियों और गैस गोदामों पर पहुंचकर यहां गैस की सप्लाई करने वाले लोगों और गैस एजेंसियों के मालिकों से बात की तो वह बताते हैं कि कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में यह बढ़ोतरी ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते हुई है. लंबे समय से युद्ध के हालात के चलते गैस की आपूर्ति में कमी और लगातार बढ़ती डिमांड के चलते इस बार कॉमर्शियल गैस सिलेंडर में भारी बढ़ोतरी हुई है, जो कई वर्षों बाद हुई है.

सामान्य रूप से 200 से 300 रुपए तक बढ़ोतरी होती है, लेकिन पहली बार कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर एक साथ 993 रुपए की बढ़ोतरी हुई है, जिसके चलते अब लोगों को कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 2106 रुपए के बजाए 3099 रुपए में मिलेगा. गैस कंपनियों के मालिकों का कहना है कि आगामी दिनों में अगर गैस की आपूर्ति ठीक रही तो फिर से कीमतों में कटौती हो सकती है, लेकिन फिलहाल लोगों को महंगी कीमत पर ही सिलेंडर मिलेंगे.

5 किलोग्राम वाला छोटा सिलेंडर भी 241 रुपए महंगा हुआ

इंडेन गैस एजेंसी के मालिक सुभाष मित्तल ने लोकल 18 को बताया कि कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के साथ-साथ 5 किलो के सबसे छोटे सिलेंडर की कीमतों में भी इजाफा हुआ है. 5 किलो के सबसे छोटे सिलेंडर की कीमत में 241 रुपए की बढ़ोतरी की गई है. मित्तल का कहना है कि पहली बार सबसे बड़े और सबसे छोटे दोनों प्रकार के सिलेंडरों की कीमत में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिली है. हालांकि सामान्य 14 किलो के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है.

कॉमर्शियल गैस और रिफिलिंग के छोटे सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते माइग्रेंट लोग, स्टूडेंट, गरीब मजदूरों और सड़कों पर छोटी दुकानें चलाने वाले लोगों को अब सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि उनके पास बड़े सिलेंडर का कनेक्शन नहीं है और वह छोटे सिलेंडर को ही बार-बार रिफिलिंग करवाते हैं, जिसके चलते अब प्रति किलो गैस भी उन्हें पहले के मुकाबले महंगी खरीदनी पड़ेगी. इस बढ़ोतरी से पहले ये 5 किलो का छोटा सिलेंडर लेने के लिए लोगों को 592 से लेकर 616 रुपए देने पड़ते थे, लेकिन अब 241 रुपए की बढ़ोतरी के बाद बाजार में यह छोटा सिलेंडर 833 से 857 रुपए तक में मिलेगा.

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *