मेरठ : नकली TATA चाय-ऑल आउट रिफिल का भंडाफोड़
मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र की दाल मंडी में सोमवार रात पुलिस ने ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली उत्पाद बेचने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस और कंपनी की जांच टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में नकली टाटा टी और ऑल आउट रिफिल बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, कंपनी की जांच टीम को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि दाल मंडी क्षेत्र में कुछ दुकानों पर ब्रांडेड कंपनियों के नाम से नकली चाय और मच्छर भगाने वाली रिफिल बेची जा रही हैं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर पुलिस के साथ मिलकर यह संयुक्त छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान जैन किराना स्टोर और जैन जनरल स्टोर से भारी मात्रा में नकली सामान बरामद हुआ। आशीष जैन की दुकान से टाटा टी के लगभग 500 पैकेट मिले, जबकि राकेश कुमार जैन की दुकान से एक किलो के करीब 50 पैकेट और ऑल आउट रिफिल के 632 नकली पैकेट बरामद किए गए। बरामद सभी उत्पाद असली ब्रांड की पैकिंग जैसे दिख रहे थे।
पुलिस ने मौके से दोनों कारोबारियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे नकली उत्पादों की खरीद और सप्लाई नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह नकली सामान कहाँ तैयार होता था और किन-किन जिलों में इसकी आपूर्ति की जा रही थी।
पुलिस का कहना है कि नकली ब्रांडेड उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा। मामले में पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

