यूपी में पारा@44.4°C, 30 जिलों में चलेगी लू
यूपी में भीषण गर्मी पड़ रही है। आज यानी बुधवार को 30 जिलों में हीट वेव (लू) का अलर्ट है। सुबह से तेज धूप निकली है। आगरा और अयोध्या में इतनी भीषण गर्मी है कि प्रशासन सड़कों पर पानी की बौछारें डलवा रहा है। वहीं गोरखपुर जू में गर्मी से बचाने के लिए भालुओं को 8-8 किलोग्राम की फ्रूट आइसक्रीम खिलाई जा रही है।
मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि आज से 4 दिन यानी 25 अप्रैल तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। पारा 45°C के पार पहुंच सकता है। हालांकि, 26 अप्रैल को बारिश की संभावना बन रही है। पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के 30 जिलों का पारा 40°C के पार पहुंच गया। प्रयागराज सबसे गर्म रहा। यहां दिन में पारा 44.4°C पहुंच गया।
प्रचंड गर्मी को देखते हुए मंदिरों में खास इंतजाम किए गए हैं। काशी में बाबा विश्वनाथ के लिए जलधारा लगाई गई है। भक्तों के लिए कॉरिडोर में रेड कारपेट और जर्मन हैंगर लगाए गए हैं। ब्रज क्षेत्र में बांके बिहारी मंदिर, द्वारिकाधीश मंदिर और नंदबाबा समेत प्रमुख मंदिरों में फूल बंगले सजाए जा रहे हैं।
भगवान को ठंडक देने के लिए खरबूजा, सत्तू जैसे भोग अर्पित किए जा रहे हैं। प्रियकांत जू मंदिर में भगवान के लिए नौका विहार की व्यवस्था की गई है। अयोध्या में रामलला के लिए गर्भगृह में तीन कूलर लगाए गए हैं।
वाराणसी में बुधवार दोपहर को तापमान 44 डिग्री के करीब पहुंच गया। इस दौरान काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को छाछ बांटी गई। सपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष सेठ ने कहा- सरकार से अनुरोध करूंगा अधिक से अधिक पेड़ लगाए जिससे धूप से राहत मिल सके। ठंडे पानी का टैंकर जगह-जगह नगर निगम द्वारा लगाना चाहिए। प्रयागराज में वाहनों चालकों को गर्मी से राहत देने लिए नगर निगम ग्रीन शेड लगवा रही है। इसकी शुरुआत सिविल लाइंस के महाराणा प्रताप चौराहे से की है। इसके लगने से टू व्हीलर वालों के साथ स्कूली बच्चों को भी राहत मिलेगी।
भीषण गर्मी के बीच गोरखपुर जू वन्यजीवों को भी राहत देने के इंतजाम किए गए हैं। यहां भालुओं को ठंडक देने के लिए खीरा, तरबूज और केला मिलाकर करीब 8 किलोग्राम की आइसक्रीम तैयार की गई है। जो उन्हें खूब पसंद आ रही है। इसके करीब 4 किलोग्राम फ्रूट और वेजिटेबल होते हैं। इसके अलावा पानी होता है। गोरखपुर जू के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश प्रताप सिंह योगेश कुमार ने बताया- इस आइसक्रीम गर्मी से राहत भी मिलती है और पोषण भी मिल जाता है। भीषण गर्मी के बीच देवकी नंदन ठाकुर के वृंदावन स्थित प्रियकांत जू मंदिर में भगवान को शीतलता प्रदान करने के लिए विशेष नौका विहार की व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर में सजे कृत्रिम सरोवर में भगवान को नौका विहार कराया जा रहा है, जिससे गर्मी से राहत दी जा सके। भक्तों के अनुसार, यह भक्तों और भगवान के बीच प्रेम और भावनात्मक जुड़ाव को भी दिखाता है। मंदिर में इसके साथ ही अन्य शीतल भोग और व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं, जिससे वातावरण को ठंडा और भक्तिमय बनाया जा सके।
काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा पर जलधारी (फव्वारा) के जरिए गंगा जल से अभिषेक किया जा रहा है। मंदिर के अर्चक श्रीकांत ने बताया- गर्मी बढ़ गई है। इसे देखते हुए बाबा विश्वनाथ के गर्भगृह में जलधारी लगाई गई है। इस जलधारी के जरिए गंगा जल से अटूट जल की धारा से बाबा का अभिषेक हो रहा है। परंपरा के अनुसार दोपहर में भोग आरती के बाद से पूरे दोपहर इस जलधारी से बाबा का अभिषेक किया जाता है।
वैशाख शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि यानी अक्षय तृतीया से इसकी शुरुआत होती है और सावन पूर्णिमा तक यह जलधारी लगाई जाती है। अर्चक श्रीकांत ने बताया- वैसे तो बाबा विश्वनाथ कैलाश पति हैं, उन पर किसी भी मौसम का प्रभाव नहीं पड़ता है, लेकिन काशी में भक्त अपने भावना से अलग- अलग मौसम के हिसाब से उनके लिए अलग- अलग इंतजाम करते हैं, जो भक्त भगवान के बीच अटूट प्रेम को भी दर्शाता है।
गोरखपुर में बुधवार की सुबह तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पांडेय ने बताया कि दोपहर होते होते यह आंकड़ा 41 तक पहुंच जाएगा। दोपहर में गर्म हवा ने लोगों की परेशानी और बढ़ा रखी है। आज लगभग 20–25 km/hr की गति से हवा चलने की संभावना है।

