Dailynews

मुरादाबाद : महिला ने दिया 4 बच्चों को जन्म

मुरादाबाद के तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (TMU) अस्पताल में संभल की एक महिला ने नॉर्मल डिलीवरी से 4 बच्चों को जन्म दिया है। इनमें 2 लड़के और 2 लड़कियां शामिल हैं। हाईरिस्क प्रेग्नेंसी होने के बावजूद मां और चारों बच्चे स्वस्थ बताए जा रहे हैं।

टीएमयू अस्पताल की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. शिप्रा अग्रवाल ने बताया कि संभल के असमोली की रहने वाली अमीना (31) का काफी समय से इलाज चल रहा था। जांच और अल्ट्रासाउंड में पता चला था कि महिला के गर्भ में 4 भ्रूण पल रहे हैं।

डॉक्टरों ने जोखिम को देखते हुए परिवार को 2 भ्रूण का गर्भपात कराने और 2 बच्चों को रखने की सलाह दी थी, लेकिन महिला और उसके परिवार ने चारों बच्चों को जन्म देने का फैसला किया।

डॉक्टरों के अनुसार, इसके बाद अमीना को लगातार मेडिकल निगरानी में रखा गया। समय-समय पर जांच की जाती रही। 6 मई को महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 9 मई को अमीना ने नॉर्मल डिलीवरी से एक बेटे को जन्म दिया। इसके बाद 14 मई को फिर नॉर्मल डिलीवरी हुई, जिसमें एक बेटा और दो बेटियों का जन्म हुआ।

डॉ. शिप्रा अग्रवाल ने बताया कि जन्म के समय एक नवजात कमजोर था, इसलिए उसे कुछ समय के लिए वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। हालांकि अब मां और चारों बच्चों की हालत में काफी सुधार है और सभी डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *