नोएडा : हिंसा में संदिग्ध भूमिका मिली, 25 संविदाकारों के लाइसेंस निरस्त
नोएडा में हालिया हिंसक आंदोलन में जिन संविदाकारों की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी, उनमें से 25 और संविदाकारों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। इससे पहले 10 संविदाकारों के लाइसेंस रद्द किए जा चुके थे। जिला प्रशासन की जांच में सामने आया कि इन संविदाकारों ने श्रम कानूनों का पालन नहीं किया था।
अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी ने बताया कि औद्योगिक शांति बनाए रखने और श्रमिकों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत संविदाकारों को अनियमितताओं के चलते कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन किसी ने भी इसका जवाब नहीं दिया।
ESI और PF को भेजी गई सूची उन्होंने बताया कि ऐसे कुल 25 संविदाकारों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। साथ ही संबंधित संविदाकारों की सूची कर्मचारी राज्य बीमा निगम और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन को भी भेजी गई है, ताकि वे अपने-अपने अधिनियमों के तहत अनुपालन की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई कर सकें।
अपर श्रमायुक्त ने कहा कि जनपद की औद्योगिक इकाइयों में शांति बनाए रखने, श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध गतिविधियों में संलिप्त संविदाकारों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

