यूपी में 200 से ज्यादा DCP के तबादले
उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए डीएसपी और समकक्ष रैंक के 200 से अधिक अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। जारी सूची में अयोध्या के कई क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के नाम शामिल हैं। रुदौली, मिल्कीपुर, एलआईयू और रामजन्मभूमि परिसर में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
गृह विभाग के आदेश के अनुसार गोंडा एलआईयू में तैनात पुलिस उपाधीक्षक पवन कुमार वर्मा को अयोध्या एलआईयू का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं अयोध्या एलआईयू में तैनात विवेक वाष्णेय का तबादला आगरा जोन में मंडलाधिकारी पद पर किया गया है।
अयोध्या में तैनात सीओ रुदौली आशीष निगम को रायबरेली भेजा गया है। सीओ मिल्कीपुर अजय सिंह को जालौन में नई तैनाती मिली है। रामजन्मभूमि परिसर के सीओ योगेंद्र कुमार को एसएफ गोरखपुर भेजा गया है, जबकि सीओ मयंक मिश्रा का तबादला कन्नौज कर दिया गया है।
प्रदेश स्तर पर हुए इस व्यापक फेरबदल में कमिश्नरेट, पीएसी, एसएसएफ, एलआईयू समेत विभिन्न इकाइयों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। तबादला सूची जारी होने के बाद अधिकारियों को शीघ्र नए कार्यस्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस महकमे में हुए इस बड़े बदलाव को प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और चुस्त-दुरुस्त बनाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। नए अधिकारियों की तैनाती के बाद अयोध्या समेत विभिन्न जिलों की पुलिस व्यवस्था में बदलाव देखने को मिल सकता है।

