नोएडा में लाट्स बुलेवर्ड सोसाइटी में लगी आग
नोएडा के सेक्टर-100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसायटी में बुधवार देर रात एक फ्लैट में एसी में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। टावर-7 के 1404 नंबर फ्लैट में लगे स्प्लिट एसी की इनडोर यूनिट से अचानक पटाखे जैसी आवाज आई, जिसके बाद उसमें आग लग गई।
देखते ही देखते आग कमरे में फैलने लगी। उस समय फ्लैट में मौजूद निवासी राजन सो रहे थे। उन्होंने तुरंत सोसायटी की मेंटेनेंस टीम और अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि देर रात करीब 3:15 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना में यह भी बताया गया था कि फ्लैट के अंदर दो लोग फंसे हुए हैं। इसके बाद तत्काल चार दमकल गाड़ियों के साथ टीम को मौके के लिए रवाना किया गया।
अग्निशमन विभाग के पहुंचने से पहले ही फ्लैट में मौजूद दोनों लोग सुरक्षित बाहर निकल आए थे। वहीं सोसायटी के फायर सेफ्टी सिस्टम की मदद से आग पर काबू पा लिया गया था। स्थिति नियंत्रण में होने के कारण दमकल गाड़ियों को आग बुझाने की जरूरत नहीं पड़ी। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जांच में एसी की इनडोर यूनिट के ओवरहीट होने से आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। आग की वजह से फ्लैट में रखा घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा नुकसान टल गया। लोटस बुलेवर्ड सोसायटी में एसी में आग लगने की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। इसके अलावा नोएडा के विभिन्न इलाकों में भी हाल के दिनों में एसी और शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

