पूर्वांचल के 41 शहरों में बारिश का अलर्ट, तृफान अकवान का असर
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब यूपी के मौसम पर दिखाई देने लगा है। पूर्वांचल के 41 जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
शुक्रवार सुबह गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, जौनपुर, मुजफ्फरनगर और संभल समेत 28 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि 10 मीटर दूर तक देखना भी मुश्किल हो गया।
प्रदेश में रात का पारा 10°C से नीचे चला गया है। कानपुर सीजन का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9.4°C रिकॉर्ड किया गया। हरदोई और मुजफ्फरनगर में भी रात का पारा 10°C तक पहुंच गया। वहीं, दिन में बहराइच और चंदौली में अधिकतम तापमान 29°C दर्ज किया गया।
रबी फसलों की बुवाई और सिंचाई में बरतें सावधानी
नवंबर में बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को रबी फसलों के प्रबंधन में सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर पूर्वांचल में गेहूं, चना, मटर और सरसों की बुवाई के दौरान खेतों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखें।
निचले खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान हो सकता है। जिन खेतों में बारिश के कारण पर्याप्त नमी है, वहां अनावश्यक सिंचाई से बचें। मौसम की स्थिति और मिट्टी में नमी को देखते हुए ही बुवाई और सिंचाई का निर्णय लें।
ठंड-कोहरे में इन फसलों का रखें ध्यान
- गेहूं: शुरुआती बढ़वार के समय पर्याप्त नमी बनाए रखें। खेत में जलभराव न होने दें।
- सरसों: लगातार कोहरा और नमी रहने से सफेद रतुआ और अन्य फफूंद वाले रोगों का खतरा बढ़ सकता है। फसल की नियमित निगरानी करें।
- आलू: झुलसा रोग की आशंका पर पत्तियों की जांच करें। रोग के लक्षण दिखने पर कृषि विशेषज्ञों की सलाह लें।
- मटर और चना: अधिक नमी और जलभराव से जड़ों को नुकसान हो सकता है। खेतों में जल निकासी की व्यवस्था रखें।

