Crime News

स्वामी पर जूता फेंकने वाले पर 11 लाख का इनाम, फतेहपुर सीकरी के प्रत्याशी का ऐलान- जो हाथ और जुबान काटकर लाएगा उसे दूंगा राशि

Share News
5 / 100

फतेहपुर सीकरी से स्वामी प्रसाद की पार्टी के प्रत्याशी ने ऐलान किया है कि स्वामी पर जूता फेंकने वाले के हाथ काटने वाले को 11 लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा। 3 दिन पहले स्वामी पार्टी प्रत्याशी होतम सिंह का प्रचार करने आए थे, तभी उन पर हिंदू महासभा के कार्यकर्ता ने हमला किया था।

होतम सिंह ने वीडियो बयान जारी करके कहा- धर्मेंद्र धाकड़ ने हमारे नेता पर काली स्याही फेंकी। काले झंडे दिखाए। इससे भी मन नहीं भरा, तो भरी सभा में जूता फेंका। यह ओबीसी और निषाद समाज का अपमान है। निषाद समाज दरिया में डुबाना जानता है, तो निकालना भी जानता है।

होतम सिंह ने कहा- सामंतवादी विचारधारा के लोगों को निषाद समाज के बेटे का सजाया मंच रास नहीं आया। इसलिए यह काम किया। धर्मेंद्र धाकड़ का हाथ और हिंदुत्ववादी नेता संजय जाट की जुबान काटकर लाने वाले को 11 लाख रुपए का इनाम दूंगा। होतम सिंह के इस बयान के बाद हिंदू संगठन के नेताओं ने धर्मेंद्र धाकड़ को पुलिस सुरक्षा देने की मांग की है।

रामचरितमानस की पंक्तियों पर बोले होतम
वीडियो में होतम सिंह निषाद ने कहा- हिंदुत्व और सनातन के बारे में स्वामी बहुत जानकारी रखते हैं। तुलसीदास ने शूद्रों की ढोल, गंवार और पशुओं से तुलना की। शूद्र चाहे कितना भी विद्वान हो जाए, पूजनीय नहीं है। ब्राह्मण हर हाल में पूजनीय है। यह विवादित है। वाल्मीकि की लिखी गई रामायण पर कोई सवाल क्यों नहीं उठाता?

होतम सिंह ने कहा- पुलिस ने जूता मारने वाले के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद हिंदू महासभा की ओर से भड़काने वाला वीडियो जारी किया गया। कोई हमारे नेता और समाज को गाली देगा, तो हम चुप नहीं बैठेंगे। मेरे लिए चुनाव बाद में है, पहले समाज है। समाज की ओर से 11 लाख रुपए का इनाम चंदा कर दिया जाएगा।

होतम सिंह के पास है 88.07 लाख की संपत्ति
​​​​​​चुनावी हलफनामे के मुताबिक, होतम सिंह के पास कुल 88.07 लाख की संपत्ति है। इसमें चल 6.27 लाख और अचल संपत्ति 81.8 लाख है। उन पर 3.82 लाख का लोन है। सोर्स ऑफ इनकम हलवाईगीरी और खेती-किसानी बताया गया। होतम ने साल 2012 में BSC किया था।

2022 में भी लड़ा था चुनाव
होतम सिंह फतेहाबाद के रहने वाले हैं। 2022 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर फतेहाबाद विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। इसमें वह हार गए थे। इस बार स्वामी प्रसाद मौर्य की पार्टी राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी (RSSP) से चुनाव लड़ रहे हैं।

3 मई को स्वामी प्रसाद मौर्य फतेहपुर सीकरी में मंच से भाषण दे रहे थे। सभा में आगे की कुर्सी पर बैठे धर्मेंद्र धाकड़ ने उन पर जूता फेंक दिया। भागते-भागते उसने चप्पल भी मारी। युवक ने भागने की कोशिश की ,लेकिन पुलिस ने पकड़ लिया। स्वामी प्रसाद के समर्थकों ने पुलिस हिरासत में आरोपी की पिटाई कर दी।

उसको बचाने के लिए पुलिसकर्मियों ने भीड़ पर पिस्टल तान दी। युवक को लोगों से बचाते हुए थाने ले गई। इस घटना के बाद हिंदू महासभा के प्रवक्ता संजय जाट ने कहा- स्वामी प्रसाद मौर्य ने हिंदू धर्म का अपमान किया। हमने पहले घोषणा की थी कि जब भी वह आगरा आएंगे, उनका मुंह काला किया जाएगा। जब आए, तो उनका विरोध किया गया।

वीडियो आने के बाद हिंदूवादियों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। प्रत्याशी की शिकायत चुनाव आयोग से की गई है। अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रवक्ता संजय जाट का कहना है कि प्रत्याशी से उनको जान का खतरा है। सुरक्षा की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *