News

सपा विधायक अतुल प्रधान हाउस अरेस्ट, पुलिस से धक्का-मुक्की

यूपी में सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद ढहाए जाने के बाद सियासत तेज हो गई है। सहारनपुर जा रहे सपा विधायक अतुल प्रधान को पुलिस ने मेरठ में हाउस अरेस्ट कर लिया। प्रधान जैसे ही अपने घर में कार पर सवार हुए। पुलिस ने आगे जीप खड़ी कर दी। विधायक ने कहा- आपके पास लाठी है। आप चलाओ, लेकिन हम जाएंगे जरूर।

CO ने विधायक से कहा- निवेदन है आपसे, आप अंदर चलिए। इसके बाद विधायक कार से उतरे और बोले कि आप हमें अपनी जीप में बैठाओ। पुलिसवालों ने उन्हें रोका तो उन्होंने अपने समर्थकों से कहा कि जोर लगाओ। धक्का-मुक्की जैसे हालात के बीच एक समर्थक दरोगा पर भड़क गया। बोला कि घूर क्यों रहे हो।

दरअसल, सपा, कांग्रेस और AIMIM समेत विपक्षी दलों का डेलिगेशन आज सहारनपुर जाने वाला है। इसमें अतुल प्रधान के अलावा कैराना सांसद इकरा हसन, मुजफ्फरनगर MP हरेंद्र मलिक समेत कई नेता शामिल हैं। इससे पहले शहर में जगह-जगह अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्टर लगाए गए। पोस्टर में 7 सितंबर 2013 को हुए मुजफ्फरनगर दंगों की तस्वीरें लगी थीं।

शनिवार को 16 घंटे बुलडोजर चलाकर मस्जिद ढहाई गई थी। रविवार सुबह जब मलबा हटाया गया तो नीचे कुआं मिला। यह 20 फीट गहरा और डेढ़ मीटर चौड़ा है। पुलिस ने इसे लोहे की चादर से ढंक दिया है, ताकि मलबा अंदर न जाए। कुआं कितना पुराना है? इसका पता लगाने के लिए प्रशासन ने ASI को बुलाया है। मौके पर भारी फोर्स तैनात है। बैरिकेडिंग करके किसी को वहां जाने नहीं दिया जा रहा है। मस्जिद की शिकायत करने वाले विकास त्यागी ने दावा किया- यहां पहले मंदिर रहा होगा। उसे तोड़कर मस्जिद बनाई गई। जांच होनी चाहिए। मुस्लिम धर्मगुरुओं और मस्जिद पक्ष का दावा है कि मस्जिद करीब 100 साल पुरानी थी। 70 साल पुराने वक्फ के दस्तावेजों में इसका जिक्र है।

  • मेरठ में पुलिस ने सपा विधायक अतुल प्रधान को हाउस अरेस्ट कर लिया। जैसे ही प्रधान अपने घर के बाहर कार में बैठे पुलिस ने आगे अपनी गाड़ी लगा दी। विधायक से घर के अंदर चलने को कहा। प्रधान काफी देर तक कार में बैठे रहे। फिर उतरकर कहा कि आप हमें अपनी गाड़ी में बैठा लो, उससे ले चलो। इस दौरान पुलिस और सपा समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
  • अतुल प्रधान ने कहा- हम तो लड़ेंगे नहीं भाई। आपके पास लाठी है, चलाओ आप, पर हम जाएंगे तो है ही। पार्टी हमें कहीं भेज रही है तो क्या हम अब जाएं भी न? अच्छा बताइए सहारनपुर में क्या हुआ? धज्जियां उड़ाकर पुलिस को आगे कर दिया जा रहा है। धार्मिक स्थल तोड़े जा रहे हैं। बनारस में अहिल्याबाई होल्कर जी की प्रतिमा नहीं टूटी क्या?
  • उन्होंने कहा- सरकार इस चीज पर लगी हुई है कि हिंदू-मुसलमान कराए और फिर पुलिस को आगे कर दो! भाई, जब हमारी पार्टी ने यह कहा है कि प्रतिनिधिमंडल वहां पर जाएगा, तो बताओ आपको कौन सा अधिकार है? क्या लिखित में आपके पास है? कोई कोर्ट का आदेश हो आपके पास हमें रोकने का?
  • उन्होंने कहा- हमें लड़ना थोड़ी ही न है, हमें कमिश्नर को ज्ञापन देना है। आप हमें अपनी गाड़ी में बैठा लो? कल से पुलिस लगी हुई है। पूरे रास्ते पुलिस लगा रखी है। आप किस अधिकार से रोक रहे हो? हम चुने हुए लोग हैं। अगर कोई आदेश हो आपके पास, तो बताओ हमें… दो!

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *