UP : पुलिसवालों ने ज्वेलर के प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल डाला
शाहजहांपुर में 4 पुलिसवालों ने एक ज्वेलर की बाइक की डिग्गी में स्मैक रख दी। उसे पुलिस चौकी ले गए और जमकर मारा-पीटा। उसके प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल डाल दिया। इसके बाद 2 लाख रुपए लेकर ज्वेलर को छोड़ा। व्यापारी ने चौकी से ही अपने पिता को फोन कर रुपए मंगाए थे। इसका ऑडियो भी सामने आया है।
रविवार को ज्वेलर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद एसपी ने जांच के आदेश दिए, जिसमें चारों पुलिसवाले दोषी मिले। चारों पर FIR दर्ज कर रविवार दोपहर 2 बजे 2 सिपाहियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, पुलिस ने प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल डालने की बात से इनकार किया है। घटना परशुरामपुरी की 4 सितंबर की रात करीब 8 बजे की है।
चेन गिरवी रखने के बहाने बुलाया
परशुरामपुरी के कानून गोयान मोहल्ला में राजेश क्षत्रिय रहते हैं। वह ज्वेलर हैं। उनके 4 बेटे सत्यम, शिवम, सुंदरम और मंगलम हैं। सत्यम गुरुग्राम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। शिवम, सुंदरम और मंगलम की ज्वेलरी की दुकानें हैं।
सुंदरम ने बताया- मेरे पास 4 सितंबर की रात करीब 8 बजे एक फोन आया। फोन करने वाले ने जेवर गिरवी रखकर 10 हजार रुपए देने की बात कही। इसके बाद मैं घर से निकल गया। फोन करने वाले ने बताया कि वह जलालाबाद पहुंच चुका है।
सुंदरम रात करीब 9:56 बजे सरैया मोड़ के पास उसका इंतजार करने लगे। तभी 2 बाइक से तिलहर थाने में तैनात सिपाही अरुण चित्तौड़िया, पंकज, तुषार और वीरेंद्र वहां पहुंचे। चारों सादे कपड़ों में थे। सुंदरम उन्हें पहले से जानता था। परिचित होने की वजह से वह उनके साथ चला गया।
सुनसान जगह ले गए, बाइक की डिग्गी में पॉलीथिन रखी
चारों सिपाही सुंदरम एक सुनसान जगह ले गए। वहां उन्होंने अपने पास से एक पॉलीथिन निकाली और उसकी बाइक की डिग्गी में रख दी। इसके बाद सुंदरम को ड्रग तस्कर बताते हुए तिलहर थाने की बिरियागंज चौकी ले गए।
चौकी में उनके साथ मारपीट की। स्मैक बरामद होने का वीडियो बनाने की कोशिश की गई। साथ ही झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी भी दी। सुंदरम ने बताया- उन लोगों ने मेरे प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल डाल दिया।
बोला- पुलिसवालों ने 2 लाख रुपए लेकर मुझे छोड़ा
सुंदरम ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे उसे छोड़ने के बदले पुलिसवालों ने 2 लाख रुपए मांगे। साथ ही धमकी दी कि अगर किसी को घटना के बारे में बताया तो तुम्हें जेल भेज देंगे। सुंदरम के पिता राजेश क्षत्रिय ने कहा- मेरे बेटे के साथ मारपीट की गई। रात 11:06 बजे बेटे का फोन आया था। उसने बताया कि उसे स्मैक के मामले में पकड़ लिया है। उससे 2 लाख रुपए मांगे हैं। रुपए देने के बाद ही बेटे को छोड़ा गया।
वहीं, सुंदरम के भाई शिवम ने बताया- 4 सितंबर की रात भाई को पुलिसवाले लेकर गए थे। उसके प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल डाल दिया था, जिसकी वजह से वह बहुत परेशान था। मैं खुद 2 लाख रुपए लेकर बिरियागंज पुलिस चौकी गया और पुलिसवालों को रुपए दिए थे।
4 पुलिसवालों पर FIR, 2 सिपाही गिरफ्तार
शिकायत की जांच में पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो गई। इसके बाद एसपी सौरभ दीक्षित के निर्देश पर चारों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। सिपाही वीरेंद्र और पंकज को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। सख्त कार्रवाई की जाएगी।

