बुलंदशहर : डीएम के निर्देश पर 23 मई से स्कूलों में ग्रीष्मावकाश घोषित
बुलंदशहर में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में 23 मई से ग्रीष्मावकाश घोषित कर दिया गया है। यह निर्णय जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) द्वारा लिया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी किया है। आदेश में जनपद के सभी शैक्षिक बोर्डों से संचालित विद्यालयों को 23 मई से अवकाश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीआईओएस ने बताया कि वर्तमान में जनपद में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग भी गर्मी से बचाव के लिए लगातार एडवाइजरी जारी कर रहा है। कुछ विद्यालयों में अभी तक ग्रीष्मावकाश घोषित नहीं किया गया था, जिससे छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका थी। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है।
पिछले कई दिनों से बुलंदशहर का तापमान लगातार 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। दोपहर के समय चलने वाली लू ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है।
अभिभावकों और विद्यार्थियों ने प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया है। शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधनों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

