Dailynews

कोर्ट में टोटका: जज की कुर्सी पर फेंके सरसों के दाने

Karnataka news: कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर से दिलचस्प घटना सामने आई है. यहां एक महिला ने टोटका करने में कोर्ट को भी नहीं छोड़ा. महिला ने सिविल जज की कुर्सी पर सरसों के अभिमंत्रित दाने फेंके. यह घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जैसे ही कोर्ट के अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज देखी तो उनके पसीने छूट गए और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी.

बताया जा रहा है कि अदालत में चल रहे एक मामले में अपने पक्ष में फैसला करवाने की मंशा से महिला ने जज की कुर्सी पर ही टोटका कर डाला. सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि महिला अचानक जज की कुर्सी के पास आकर सफेद सरसों के दाने छिड़ककर कुछ अजीब हरकत करती है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी 65 वर्षीय महिला मंजुला को गिरफ्तार कर लिया है.

मंजुला वालसन्ना बीड़ी निवासी बताई जा रही है और उस पर आरोप है कि वह कोर्ट परिसर में घुसी और फर्स्ट एडिशनल सीनियर सिविल जज की कुर्सी पर काले जादू की रस्म कर डाली. यह देखते ही अधिकारी घबरा गए और उन्होंने चिक्कबल्लापुर टाउन पुलिस को बुला लिया. पुलिस ने मंजुला के खिलाफ कर्नाटक अमानवीय कुप्रथाओं और काले जादू की रोकथाम और उन्मूलन अधिनियम, 2017 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस जांच में पता चला कि मंजुला एक सिविल मामले में शामिल थी. उसने अपने पक्ष में फैसला करवाने के लिए शायद इस घटना को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि कहीं इसके पीछे कोई और तो नहीं है.

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *