UP NEWS ; पति ने पत्नी-बॉयफ्रेंड को मारी 6 गोली
फिरोजाबाद में मंगलवार रात 10 बजे एक पति ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी पर लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली चला दी। पति ने पत्नी को 4 गोली मारी और प्रेमी को 2 गोली मारी है। दोनों की हालत गंभीर होने पर दोनों को आगरा रेफर किया गया है।
इस घटना का एक वीडियो भी आया है। जिसमें देखा जा सकता है, पति दुकान के अंदर जाता है, अपनी पत्नी और प्रेमी से बात करता है। दोनों के बीच हाथापाई भी होती है। उसके बाद पति दुकान के बाहर आ जाता है। वो अपने लोवर की जेब से लाइसेंसी रिवाल्वर निकालने लगता है। पहले वो प्रेमी पर गोली चलाता है। गोली चलते ही बेटा अपने पापा को रोकने लगता है, लेकिन पति लगातार फायर करता रहता है। प्रेमी गोली लगने से सड़क पर गिर जाता है, वहीं पत्नी जान बचाने के लिए मौके से भागने लगती है। सूचना पर पहुंची पुलिस पति को हिरासत में ले लेती है। लाइसेंसी रिवाल्वर भी बरामद कर लेती है। ये मामला फिरोजाबाद के कोटला चुंगी चौराहे का है। आरोपी पति का घर यहां से डेढ़ किलोमीटर दूर है।
पति का नाम बंटी (40) है। वह इंटर कालेज का संचालक है। बंटी की शादी 10 साल पहले मथुरा की रहने वाली शिप्रा (35) से हुई थी। दोनों के दो बेटे भी हैं। बंटी और शिप्रा के बीच 2 साल से लड़ाई चल रही है। इस वजह से शिप्रा अपने मायके में रह रही है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को शिप्रा फिरोजाबाद अपनी ताई के घर आई हुई थी। ताई के घर में ही दुकान चला रहे इंटरनेट प्रोवाइडर सनी ठाकुर निवासी द्वारिकापुरी से वह बात कर रही थी। तभी उसका पति मौके पर आ गया और उसने गोली चला दी।
ताई ने मुझे बुलाया था- शिप्रा
मामले में शिप्रा ने बताया कि मेरा मेरे पति से विवाद चल रहा है। मेरे ससुराल वालों से बात करने के लिए ताई ने मुझे घर पर बुलाया था। तभी पति वहां पहुंचा और गोली चलाने लगा।
बता दें, सनी के एक गोली सीने में बीचोबीच नीचे की तरफ और एक गोली दाहिनी तरफ पसली के नीचे लगी है। हालत गंभीर होने पर उसे आगरा रेफर कर दिया गया। वहीं शिप्रा के एक गोली बांए कंधे में, एक पेट में और एक गोली बांई तरफ पसली में लगी है। वहीं एक गोली हाथ को छूते हुए निकल गई।
शिप्रा के हैं दो बेटे
शिप्रा को गोली लगने की जानकारी होने पर परिवार के लोग सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंचे। भाई शशांक ने बताया कि शिप्रा के दो बेटे हैं। पति का किसी अन्य महिला से संबंध होने पर विवाद हुआ था। इसके बाद वह मायके में रहने लगी थी। दोनों बच्चे भी उनके साथ ही रहते हैं।
एसएसपी आदित्य लांगहे का कहना है, मामले की जानकारी मिली है। अभी जांच पड़ताल चल रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उसके अनुसार एक्शन लिया जाएगा।

