नोएडा एक्सप्रेस-वे पर चलती स्लीपर बस में लगी आग
नोएडा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम चलती स्लीपर बस में आग लग गई। यात्री सहम गए और सामान छोड़कर भागने लगे। गनीमत रही किसी को नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि यात्रियों का पूरा सामान जल गया।
हादसा सेक्टर-148 के पास करीब 5:30 बजे हुआ। बस में 32 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने पर बस में धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में पूरी बस जलकर राख हो गई।
चलती बस में आग लगने की 12 दिन के अंदर ये दूसरी घटना है। इससे पहले 24 सितंबर को यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस में आग लगने से 9 यात्री जिंदा जल गए थे। पुलिस के मुताबिक, बस (BR28P3433) मंगलवार को दिल्ली के लाल किले से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही थी। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर आग लग गई। बस कंडक्टर के शोर मचाने पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
बस से नीचे उतरने की होड़ लग गई। यात्री सामान बस में ही छोड़कर बाहर निकल आए।
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। यह बस जमना ट्रेवेल्स की है। रजिस्ट्रेशन गोपालगंज RTO से हुआ है। ग्रेटर नोएडा के ADCP अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि बिहार जा रही एक बस में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
उन्होंने बताया कि बस में दिल्ली से 32 यात्री सवार हुए थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इंजन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

