बुलंदशहर में 25 लाख का 166 किलो गांजा बरामद
बुलंदशहर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 166 किलो 750 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। संयुक्त कार्रवाई में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार मोबाइल फोन और एक अर्टिगा कार भी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के निर्देश पर रविवार को औरंगाबाद पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस टीम ने लखावटी नहर पुल के पास घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से 166 किलो 750 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
25 लाख रुपये आंकी गई कीमत
एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय और सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त अर्टिगा कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित और मोहनीश निवासी अच्छेजा, जनपद गौतमबुद्धनगर तथा सुनील नौनिया और राहुल कुमार निवासी प्रयागराज के रूप में हुई है। पूछताछ में पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ थाना औरंगाबाद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन जिलों या राज्यों में की जानी थी। इस अभियान में स्वाट टीम प्रभारी संदीप कुमार के नेतृत्व में स्वाट टीम तथा प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद असलम के नेतृत्व में औरंगाबाद पुलिस की टीम शामिल रही। अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

