कन्नौज : देर रात तेज रफ्तार थार ने 4 दोस्तों को रौंद दिया
कन्नौज में सोमवार देर रात तेज रफ्तार थार ने 4 दोस्तों को रौंद दिया। 3 की मौके पर मौत हो गई। एक ही हालत गंभीर है। चारों एक ही बाइक से जा रहे थे। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट भी नहीं पहना था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि थार की स्पीड 100-120 रही होगी। उसने सामने से बाइक में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि चारों युवक 15-20 मीटर दूर उछलकर गिरे। सड़क पर लाशें बिखर गईं। बाइक चकनाचूर हो गई।
टक्कर के बाद भी थार चालक रुका नहीं, बल्कि रफ्तार बढ़ाकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पॉलीथिन में भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। एक घायल युवक को कानपुर रेफर किया गया है।
हादसा जिला मुख्यालय से 35 किमी दूर इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में हुआ। मृतकों में मनीष सविता (28), वेदराम पाल (40) और विजय कुशवाहा (35) शामिल हैं। आशीष (25) की हालत गंभीर है। विजय उर्फ रामजी प्राइमरी स्कूल में अनुदेशक और वेद प्रकाश प्राइवेट टीचर थे। जानकारी के मुताबिक, अगौस गांव के रहने वाले विजय उर्फ रामजी का इंदरगढ़ के पटेल नगर तिराहे के पास नया मकान बन रहा है। वे सोमवार रात अपने 3 दोस्तों मनीष, वेदराम और आशीष को अपने नए घर ले जा रहे थे।
ग्रामीणों ने बताया कि चारों काफी अच्छे दोस्त थे। अक्सर साथ ही दिखते थे और एक ही बाइक पर सफर करते थे। सोमवार रात रात 11:20 बजे चारों अपने घर से इंदरगढ़ कस्बे के पटेल नगर तिराहा जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि जैसे ही उनकी बाइक कचाटीपुर गांव स्थित सरदार पटेल इंटर कॉलेज के पास पहुंची, तभी रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ड्राइवर कार लेकर भाग गया। राहगीरों ने सड़क पर चारों को पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। आसपास के लोगों को बुलाकर लाए। उन्होंने चारों को उठाकर सड़क के किनारे किया। इस बीच पुलिस एंबुलेंस के साथ पहुंची। चारों को मेडिकल कॉजेल पहुंचाया।
डॉक्टर्स ने 3 को मृत घोषित कर दिया। एक की हालत ज्यादा खराब देखकर उसे हायर सेंटर कानपुर रेफर कर दिया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

