News

खुर्जा :  सार्वजनिक पार्क में  कॉलोनीवासियों ने अवैध निर्माण का लगाया आरोप

खुर्जा के बिजलीघर नंबर चार के निकट स्थित सुखविहार कॉलोनी में एक सार्वजनिक पार्क में निर्माण कार्य को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। कॉलोनीवासी और निर्माण कार्य कराने वाला पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और निर्माण कार्य पर रोक लगा दी।

मिली जानकारी के अनुसार, सुखविहार कॉलोनी के प्लॉट नंबर 50 में स्थित यह पार्क कॉलोनी की स्वीकृत योजना का हिस्सा है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि कॉलोनी विकसित करने वाले सोनू गौतम और उनके परिवार द्वारा पार्क की भूमि पर अवैध निर्माण कर अपने पूर्वजों की मूर्ति या समाधि स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा था।

संजीव राघव, नरसिंगपाल सिंह, धर्मेंद्र राघव और रोबिन शर्मा सहित अनेक निवासियों ने मौके पर पहुंचकर इस निर्माण का विरोध किया। उनका कहना है कि यह पार्क पूरी तरह सार्वजनिक है और इसके भू-उपयोग को बदला नहीं जा सकता।

दूसरी ओर, आरोपी सोनू गौतम ने खुद पर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उनकी कॉलोनी विकास प्राधिकरण से स्वीकृत है और कोई अवैध निर्माण नहीं किया जा रहा था।

सोनू गौतम ने बताया कि वहां पहले से ही उनके स्थान देवता विराजमान हैं। नाली का गंदा पानी जाने के कारण वे केवल उनकी मरम्मत कराकर उन्हें दूसरे स्थान पर रख रहे थे। उनके अनुसार, यह काम पिछले पांच-छह दिनों से सबकी जानकारी में चल रहा था, लेकिन आज कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके बाद काम तुरंत रोक दिया गया।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और पीआरवी 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए फिलहाल निर्माण पर रोक लगा दी है और दोनों पक्षों को प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष बैठकर शांतिपूर्वक मामला सुलझाने की हिदायत दी है।

खुर्जा नगर कोतवाली प्रभारी रामपाल फल ने बताया कि सूचना पर पहुंची टीम ने बातचीत कर मामला शांत करा दिया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *