बुलंदशहर में मुठभेड़ में 6 पशु चोर गिरफ्तार
बुलंदशहर की गुलावठी पुलिस की शनिवार रात करीब 1:30 बजे बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। कार्रवाई में 6 पशु चोर गिरफ्तार किए गए। वहीं, चोरी गिरोह का सरगना गोली लगने से घायल हो गया। एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौक से भाग निकला।
पुलिस ने घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी और दो भैंसें बरामद की है। गुलावठी थाना क्षेत्र के पैठ बाजार में शनिवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ चोर इलाके में पशु चोरी कर ले जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। चोरों को जब इसकी भनक लगी तो बच कर भागने की कोशिश करने लगे। इस बीच उन्होंने पुलिस टीम फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई। गोली चोरी गिरोह के लीडर वसीम कुरैशी निवासी अगौता, जिला बुलंदशहर के बाएं पैर में लग गई। वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मौके से पांच अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अदनान कुरैशी निवासी साहिबाबाद (गाजियाबाद), मोहसिन कुरैशी, इकराम कुरैशी (मसूरी, गाजियाबाद), शिवकुमार जाटव (हापुड़) और कामयाब निवासी मसूरी (गाजियाबाद) शामिल हैं। हालांकि, एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, एक पिकअप गाड़ी और दो भैंसें बरामद की गई हैं। यह गिरोह पिछले कई सालों से पशु चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
चोर वसीम पर 2021 से अब तक अलग-अलग चोरी के मामले में कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। जबकि इसके अन्य साथियों पर भी गुलावठी, हापुड़, अगोता सहित कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं।

