बुलंदशहर : विधवा मां ने नवजात को जिंदा दफनाया!, सूअरों ने खा लिया पैर
बुलंदशहर में एक विधवा महिला पर अपने नवजात बेटे को जिंदा दफनाने का आरोप लगा है। घटना 1 जुलाई की देर रात करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। आरोप है कि लोकलाज के डर से महिला ने नवजात को घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल में दफना दिया।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब सूअरों के झुंड ने मिट्टी खोदकर बच्चे का आधा शव बाहर निकाल लिया और उसका एक पैर खा गए। अधखाया शव देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। शनिवार देर रात करीब 10 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में महिला के घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल में खुदाई कराकर बोरी में दफन नवजात का शव बरामद किया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
उधर, पुलिस ने महिला की जेठानी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की है। महिला का कहना है कि बच्चा मृत पैदा हुआ था और उसने उसी को दफनाया था। वहीं, जेठानी का आरोप है कि नवजात जिंदा था और उसे दफना दिया गया। पूरा मामला नरसेना थाना क्षेत्र के एक गांव की है, जो जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर है। नरसेना थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 32 वर्षीय महिला के पति की आठ साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद उसका गांव के एक युवक से प्रेम संबंध हो गया, जिससे वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि 1 जुलाई की रात करीब 2 बजे महिला ने घर पर बेटे को जन्म दिया।
लोकलाज के डर से उसने करीब 3 से 4 बजे के बीच नवजात को घर से 200 मीटर दूर जंगल में दफना दिया। 4 जुलाई की सुबह ग्रामीणों ने देखा कि सूअरों का झुंड जमीन खोदकर एक शव को नोच रहा है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि बोरी में बंद बच्चे का अधखाया शव आधा मिट्टी में दबा हुआ था। घटना के बाद गांव में चर्चा फैल गई। जानकारी करने पर पता चला कि कुछ दिन पहले महिला ने बच्चे को जन्म दिया था। पड़ोस में रहने वाली उसकी जेठानी ने बताया कि उसने प्रसव वाले दिन गांव में डिलीवरी कराने वाली दाई को महिला के घर आते-जाते देखा था।
जेठानी ने आरोप लगाया कि महिला ने नवजात को जिंदा दफना दिया। वहीं, पुलिस पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि वह गर्भवती थी, लेकिन उसका दावा है कि बच्चा मृत पैदा हुआ था, इसलिए उसने उसे दफना दिया।
जेठानी की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। शनिवार रात करीब 11 बजे मजिस्ट्रेट की निगरानी में सीओ रामकरण सिंह और नरसेना थाना प्रभारी सुभाष बाबू ने खुदाई कराकर नवजात का शव निकलवाया।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। नवजात का ब्लड सैंपल डीएनए जांच के लिए भी भेजा गया है।
एसपी सिटी अभिषेक प्रताप ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर नवजात का शव बरामद किया गया है। महिला का कहना है कि बच्चा मृत पैदा हुआ था, जबकि शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उसे जिंदा दफनाया गया।

