यूपी कॉलेज में मस्जिद हटाने पर अडे़ छात्र, पुलिस जीप पर चढ़े, 500 छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ी
वाराणसी के यूपी कॉलेज में मस्जिद को लेकर चल रहा विवाद बढ़ता जा रहा है। जुमे के दिन शुक्रवार को करीब 500 से ज्यादा छात्र भगवा झंडा लेकर कॉलेज पहुंच गए। उन्होंने वहां नारेबाजी की।
जबरदस्ती कॉलेज में घुसने की कोशिश की। उस दौरान उनकी पुलिस से झड़प हो गई। इसके बाद छात्र पुलिस जीप पर चढ़ गए। बैरिकेडिंग तोड़ दी, लेकिन छात्रों को कैंपस में घुसने से पहले पुलिस ने रोक लिया। पुलिस ने लाठी फटकार कर छात्रों को खदेड़ा।
छात्रों का कहना है कि कॉलेज कैंपस से मस्जिद हटाई जाए। अब नमाज पढ़ी गई तो हम हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। फिलहाल, कॉलेज के बाहर तनाव पूर्ण माहौल है। 500 से ज्यादा पुलिस कर्मी मौजूद हैं। आसपास की दुकानें बंद करा दी गई हैं।
दरअसल, सेंट्रल सुन्नी वक्फ बोर्ड ने 2018 में कॉलेज प्रशासन को नोटिस जारी करते हुए कॉलेज की जमीन को अपनी संपत्ति बताई थी। हाल में इसका लेटर फिर से वायरल हुआ था। तब से छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि बाद में सुन्नी बोर्ड ने लेटर जारी कर स्पष्ट कर दिया कि इस जमीन से हमारा कोई लेना देना नहीं।
पुलिस ने ज्ञानवापी केस के पक्षकार मुख्तार अहमद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि कॉलेज कैंपस में 29 नवंबर को 500 से अधिक नमाजी उसके भड़काऊ बयान के चलते ही घुसे थे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
छात्र संघ अध्यक्ष सुधीर सिंह का कहना है- हम सभी लोग यहां जय श्रीराम का नारा लगा रहे हैं। आज शुक्रवार का दिन है। हम लोग चाहते हैं कि यहां 1 बजे से पहले कोई भी नमाजी न घुस पाए। पुलिस-प्रशासन हमारे साथ है। सब कुछ ठीक है। हम अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। हम यही चाहते हैं कि यहां ये सब नहीं आने चाहिए, नमाज नहीं होनी चाहिए।
पूर्व छात्र बब्बू सिंह ने कहा- पिछले कुछ दिनों से यहां धर्म विशेष के लोगों के द्वारा एक नरेटिव सेट किया जा रहा था। हम उस नरेटिव की काट में आए हैं। यूपी कॉलेज के साथ पूरा छात्र है। पूर्व छात्र भी कॉलेज के समर्थन में हैं। हम कॉलेज के साथ खड़े हैं।